काली कंबल वाले बाबा के स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन ऐतिहासिक भीड़, भाजपा की सरकार बनी तो हुसैनाबाद बनेगा जिला
पलामू: हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में चल रहे निःशुल्क आरोग्य शिविर के तीसरे दिन शनिवार को रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों का तांता लगा रहा। देखते ही देखते पूरा मैदान लोगों से खचाखच भर गया

पलामू: हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में चल रहे निःशुल्क आरोग्य शिविर के तीसरे दिन शनिवार को रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों का तांता लगा रहा। देखते ही देखते पूरा मैदान लोगों से खचाखच भर गया। यह आयोजन पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह तथा युवा नेता सूर्या सिंह के आयोजन में कराया जा रहा है। काली कंबल वाले बाबा के स्वास्थ्य शिविर के साथ शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक भव्य श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जा रहा है।
शिविर स्थल पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज से आए मरीज घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। पलामू के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग काली कंबल वाले बाबा से स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए पहुंचे। भीड़ को पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने धैर्य बनाए रखने की अपील कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है,बाबा 8 तारीख तक रहेंगे और एक एक मरीज को देखने का काम करेंगे।
उन्होंने हुसैनाबाद के लोगों को बताया कि गरीबों का कल्याण के लिए वह पहले भी राज्य के योग्य चिकित्सकों को बुला कर स्वास्थ्य शिविर लगवाने का काम करते रहे हैं। मां भगवती के आशीर्वाद से लोगों का कल्याण काली कम्बल वाले बाबा से हो रहा है।इससे उन्हें काफी खुशी होती है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो हुसैनाबाद को जिला बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला बनने से स्वास्थ्य सहित सभी कार्यों में प्रगति होगी।
भीड़ को देखते हुए पुलिस सक्रिय
शिविर में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए हुसैनाबाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला एवं थाना प्रभारी चंदन कुमार स्वयं शिविर स्थल पर पहुंचे। दोनों पुलिस अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और तत्परता से शिविर में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट











