छतरपुर: जिउतिया स्नान के दौरान बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत
पलामू। छतरपुर थाना क्षेत्र के खटिन गांव (गुलारिया अहरा) में जिउतिया पर्व के पावन अवसर पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 13 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई।

पलामू। छतरपुर थाना क्षेत्र के खटिन गांव (गुलारिया अहरा) में जिउतिया पर्व के पावन अवसर पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 13 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई।
मां के साथ स्नान करने गया था किशोर
मृतक की पहचान खटिन गांव निवासी उपेंद्र साव के 13 वर्षीय पुत्र जीतेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीतेन्द्र कुमार अपनी मां के साथ रविवार की सुबह गुलारिया अहरा तालाब में जिउतिया का स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया और छतरपुर अनुमंडलीय हॉस्पिटल भेजा गया। लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं।
पूरे इलाके में शोक की लहर
इस आकस्मिक और हृदयविदारक घटना से पूरे खटिन गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। एक हंसते-खेलते बच्चे की इस तरह असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद छतरपुर नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता मौके पर पहुंचकर दुख व्यक्त किया और कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। वहीं स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट











