परिसीमन बिल : स्टालिन-पवार को मनाने की कोशिशें तेज, पहले चेन्नई शाम को मुंबई जाएंगे खड़गे-राहुल व सोनिया
परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के भीतर आम सहमति बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज यानी 29 नवंबर को एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात करेंगे।

नई दिल्ली : परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के भीतर आम सहमति बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज यानी 29 नवंबर को डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी भी उनके साथ जा सकती हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सुबह 11 बजे दिल्ली से रवाना होगा और दोपहर दो बजे चेन्नई पहुंचेगा। वहां मल्लिकार्जुन खड़गे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मिलेंगे।
शरद पवार पिछले 3 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं
आपको बता दें कि इसके बाद शाम को वो मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार के साथ उनकी अहम बैठक होगी। बता दें कि शरद पवार पिछले तीन दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। कांग्रेस नेतृत्व उनसे वहीं मुलाकात कर सकता है। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में कांग्रेस शासित तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री भी साथ जा सकते हैं।
परिसीमन बिल को लेकर क्या है पूरा विवाद?
देश में लोकसभा और विधानसभा सीटों के नए सिरे से निर्धारण यानी परिसीमन को लेकर लंबे समय से सियासी बहस छिड़ी हुई है। वर्तमान में सीटों की संख्या 1971 की जनगणना पर आधारित है, जिस पर लगी रोक 2026 के बाद खत्म हो रही है। इस मुद्दे पर दक्षिण भारत के राज्यों, विशेषकर तमिलनाडु की विपक्षी पार्टी डीएमके और दूसरे विपक्षी दलों को बड़ी आशंका है। उनका मानना है कि अगर ताजा जनगणना के आधार पर परिसीमन किया गया तो जनसंख्या नियंत्रण के मानकों को लागू करने वाले दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटें कम हो जाएंगी। इसके उलट, ज्यादा जनसंख्या वाले उत्तरी राज्यों की सीटें बढ़ जाएंगी, जिससे कथित तौर पर संसद में दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर पड़ सकता है।
गठबंधन में एकजुटता दिखाने की कोशिश
इसी संवेदनशील मुद्दे पर डीएमके और दूसरे सहयोगी दल एक स्पष्ट और ठोस रुख चाहते हैं। कांग्रेस की कोशिश है कि परिसीमन बिल पर कोई भी कदम उठाने से पहले सहयोगी दलों की चिंताओं को सुना जाए। मल्लिकार्जन खड़गे और सोनिया गांधी की इस सक्रियता को गठबंधन के भीतर तालमेल बिठाने और साझा रणनीति तैयार करने की बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।















