सड़क हादसे में मृत रॉबिन मोहली के परिजनों से मिले भाजपा युवा नेता, चार छोटे बच्चों को छोड़ गया रॉबिन
बीते दिनों मोहनाबांक-नाला मुख्य मार्ग पर पतुलिया के पास हुई सड़क दुर्घटना में फतेहपुर थाना क्षेत्र के आसनबेड़िया गांव निवासी रॉबिन मोहली की दर्दनाक मौत हो गई थी। नाला विधानसभा के भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी मृतक के गांव आसनबेड़िया पहुंचे।

बीते दिनों मोहनाबांक-नाला मुख्य मार्ग पर पतुलिया के पास हुई सड़क दुर्घटना में फतेहपुर थाना क्षेत्र के आसनबेड़िया गांव निवासी रॉबिन मोहली की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हृदय विदारक घटना के बाद गुरुवार को नाला विधानसभा के भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी मृतक के गांव आसनबेड़िया पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
बताया जाता है कि मृतक रॉबिन मोहली अपने पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। इतना बड़ा परिवार आज भी एक कमरे के कच्चे मिट्टी के मकान में किसी तरह गुजर-बसर करने को मजबूर है।
परिवार की स्थिति देखकर युवा नेता मनोज गोस्वामी ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि इतने निर्धन और जरूरतमंद परिवार को आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। ऐसे परिवारों पर सरकार को विशेष ध्यान देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने मृतक के भोज-भात कार्यक्रम में हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
इधर पीड़ित परिवार ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि हम लोग बेहद गरीब हैं। एक छोटे से मिट्टी के घर में पूरा बड़ा परिवार रहता है। आज तक हमें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है। राशन कार्ड तक नहीं बना है। समझ नहीं आता कि हम जैसे गरीबों को आवास कब मिलेगा। परिवार ने प्रशासन से सरकारी आवास और राशन कार्ड सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट










