रोहतास में पत्थर खनन के लिए दो ब्लॉक की नीलामी शुरू, अगले वर्ष जनवरी तक पत्थर खनन होगा शुरू
बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने रोहतास जिले में पत्थर खनन को लेकर गुरुवार को एक बड़ा बयान दिया है।

सासाराम: बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने रोहतास जिले में पत्थर खनन को लेकर गुरुवार को एक बड़ा बयान दिया है। प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि रोहतास जिले के गायघाट एवं गिजवाही ब्लॉक में शुक्रवार से नीलामी की प्रक्रिया शुरू होने वाली है और आगामी तीन से चार महीने के अंदर पत्थर खनन का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मंत्री ने खनन पदाधिकारी के साथ की समीक्षा बैठक
बता दें कि जिला मुख्यालय सासाराम स्थित सर्किट हाउस में गुरुवार को खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने खनन पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने चिन्हित खनन क्षेत्रों एवं खनन शुरू करने की तैयारियों के संदर्भ में जानकारी ली तथा खनन प्रक्रिया को गति देने के लिए कई आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
रोजगार के खुलेंगे अवसर
दरअसल रोहतास जिले में लंबे समय से बंद पत्थर खनन के एक बार फिर चालू होने से लोगों में खुशी की लहर है। पत्थर उद्योग के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे और आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। मंत्री ने कहा कि बड़े खनन ब्लॉकों को छोटे-छोटे ब्लॉकों में विभाजित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलें।
अन्य दो ब्लाकों की जल्द होगी नीलामी
इस संदर्भ में जिला खनन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गायघाट एवं गिजवाही ब्लॉक में नीलामी की प्रक्रिया शुरू होने वाली है और उम्मीद है कि दिसंबर अथवा जनवरी माह तक दोनों ब्लाकों में खनन कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि करवंदिया एवं गिजवाही ब्लॉक-2 में भी पत्थर खनन के लिए वन विभाग से स्वीकृति मिल गई है और यहां भी पत्थर खनन शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
दो किलोमीटर की परिधि में चलेंगे क्रशर
वहीं खनन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आक्शन में शामिल होने वाले कारोबारियों को हीं क्रेशर चलाने का लाइसेंस दिया जाएगा। इस बार पुराने नियमावली के तहत क्रशर लाइसेंस लेने का प्रावधान नहीं है और दो किलोमीटर की परिधि में हीं सभी क्रशर मशीनें संचालित होंगी।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट










