भाई ने किया धोखा! फर्जी वंशावली बना कर बेच दी जमीन, पीड़ित परिवार का आरोप
झारखंड के धनबाद जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक परिवार ने अपने ही चचेरे भाई पर धोखे से जमीन बेचने का गंभीर आरोप लगाया है।

झारखंड के धनबाद जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक परिवार ने अपने ही चचेरे भाई पर गंभीर आरोप लगाया है। पीडित परिवार का कहना है कि उनके अपनों ने ही कथित रूप से फर्जी वंशावली तैयार कर के जमीन को बेच दिया है। जमीन की कीमत लाखों रूपये में है। अब इस परिवार ने जिला प्रशासन ने न्याया की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार धनबाद की शाहिना परवीन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि शहर में इंडियान ऑयल के पीछे उनकी जमीन स्थित है। इस भूमि के स्वामित्व को लेकर धनबाद सिविल कोर्ट में टाइटल सूट संख्या 152/2026 विचाराधीन है। शाहिना परवीन ने अपने परिवार के साथ गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके चचेरे भाई ने कथित रूप से फर्जी वंशावली तैयार कर उनकी 24 डिसमिल जमीन की बिक्री कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में स्थानीय वार्ड पार्षद की भूमिका भी संदिग्ध है और उनकी मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का सौदा किया गया। पीड़ित ने बताया कि विवादित भूमि धनबाद मौजा, खाता संख्या-50, प्लॉट संख्या-167 की है, जिसका कुल रकबा 24 डिसमिल है। यह जमीन इंडियन ऑयल के पीछे स्थित है।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने एक सार्वजनिक सूचना (नोटिस) भी जारी की, जिसमें दावा किया गया है कि जिस वंशावली के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी, उसे वर्तमान वार्ड पार्षद ने कथित रूप से फर्जी और छल-कपट से तैयार पाया तथा पूर्व में जारी वंशावली को निरस्त कर दिया। पीड़ित का कहना है कि इसके बावजूद जमीन की खरीद-बिक्री कर दी गई, जिससे उनके परिवार को भारी नुकसान हुआ। इस मौके पर उपस्थित मोहम्मद असलम ने कहा कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद विवादित जमीन का सौदा किया गया, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने तथा जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट











