मिशन-2027 की तैयारी में जुटी BJP, इन्हें मिली है खास जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तैयारी तेज कर दी है। जमीनी स्तर पर पार्टी को लेकर आम लोगों का फीड जुटाया जा रहा है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तैयारी तेज कर दी है। जमीनी स्तर पर पार्टी को लेकर आम लोगों का फीड जुटाया जा रहा है। इसी क्रम में यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े ने सह प्रभारियों को प्रदेशभर में जिम्मेदारी सौंप दी है। जो अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और संघ परिवार के संगठनों के जरिए चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे।
BJP महामंत्री और प्रभारी विनोद तावड़े 2 दिन के प्रवास पर लखनऊ पहुंचे हैं
आपको बता दें कि बीजेपी महामंत्री और प्रभारी विनोद तावड़े दो दिन के प्रवास पर लखनऊ पहुंचे हैं। जहां उन्होंने 2027 की चुनावी तैयारियों को लेकर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक की। इस दौरान विधान परिषद चुनाव और पार्टी संगठन से जुड़े तमाम मुद्दों को लेकर मंथन किया गया और आगे चुनावी रणनीति बनाई गई।
मिशन 2027 को लेकर BJP का मंथन
वहीं यूपी चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने विनोद तावड़े के साथ चार सह प्रभारियों की नियुक्ति की थी। इसमें राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को अवध और गोरखपुर क्षेत्र का जिम्मा मिला है। राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल वाराणसी और कानपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे। अनंत ओझा को ब्रज और पश्चिम क्षेत्र का प्रभार दिया गया है। वहीं, मेधा कुलकर्णी का केंद्र लखनऊ रहेगा। वह यहां से पार्टी के चुनाव अभियान, कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय का काम देखेंगी।
BJP ने ब्रज क्षेत्र में अभय गिरि को संगठन की जिम्मेदारी भी सौंपी है
जबकि विनोद तावड़े ने सभी सह प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होने के निर्देश दिए और जमीन स्तर पर पार्टी का फीडबैक जुटाकर उन्हें सौंपने को कहा है। ये सभी अपने आवंटित क्षेत्रों में प्रवास कर संगठन की स्थिति का आंकलन करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमीन पर पार्टी की स्थिति, संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर जानकारी इकट्ठा करेंगे। भाजपा ने ब्रज क्षेत्र में अभय गिरि को संगठन की जिम्मेदारी भी सौंपी है। पार्टी की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और चुनावी अभियान के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाए। बीजेपी की ये पूरी तैयारी आगामी चुनाव को लेकर है। बीजेपी ने इस बार यूपी में हैट्रिक मारने का दावा किया है।













