गोड़िया पट्टी में निकाली गई भव्य डोला यात्रा, कलश लेकर शामिल हुईं हजारों कन्याएं
शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर बगहा नगर परिषद के वार्ड नंबर 25 स्थित गोड़िया पट्टी में भव्य डोला यात्रा निकाली गई। डोला यात्रा में हजारों की संख्या में कुंवारी कन्याएं कलश लेकर शामिल हुईं।

बगहा, पश्चिम चंपारण। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर बगहा नगर परिषद के वार्ड नंबर 25 स्थित गोड़िया पट्टी में भव्य डोला यात्रा निकाली गई। वार्ड पार्षद रानू सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में मोहल्ले के लोगों, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राहुल सिंह और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
डोला यात्रा में हजारों की संख्या में कुंवारी कन्याएं कलश लेकर शामिल हुईं। मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निकाली गई इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा में मोहल्लेवासियों ने आपसी सहयोग और सहभागिता के साथ आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया। मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। वार्ड पार्षद रानू सिंह, प्रतिनिधि राहुल सिंह जदयू नेता दया शकर सिंह सहित स्थानीय लोगों और समाजसेवियों की सहभागिता से डोला यात्रा धार्मिक उत्साह के बीच संपन्न हुई।
बगहा से परवेज आलम की रिपोर्ट













