बोकारो में आवास को लेकर संग्राम, BSL ED के घर का घेराव
बोकारो में बीएसएल के आवास खाली कराने का मुद्दा बुधवार को उस वक्त गरमा गया, जब आवास बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने बीएसएल के ईडी पीएंडए राज श्री बनर्जी के आवास का घेराव कर दिया।

बोकारो में बीएसएल के आवास खाली कराने का मुद्दा बुधवार को उस वक्त गरमा गया, जब आवास बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने बीएसएल के ईडी पीएंडए राज श्री बनर्जी के आवास का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का बैरिकेड तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आवास के गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
समिति का आरोप है कि जर्जर आवास खाली कराकर जिन वैकल्पिक क्वार्टरों में भेजा जा रहा है, वे भी रहने लायक नहीं हैं। आंदोलनकारियों की मांग है कि पहले इन आवासों की मरम्मत कराई जाए, फिर उन्हें आवंटित किया जाए।
इसी दौरान वृद्ध महिला बेबी कुमारी की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। प्रशासन ने टू टैंक गार्डन में वार्ता का प्रस्ताव दिया, लेकिन समिति ने ईडी आवास के सामने ही बातचीत की मांग रखी।
बीएसएल के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने बताया कि सुरक्षा जांच में सेक्टर-12 के 169 ब्लॉक जर्जर मिले हैं। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक आवासों की मरम्मत कराने को प्रबंधन तैयार है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










