आय से अधिक संपत्ति मामले में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के ठिकानों पर EOU की Raid
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के भोजपुर और पटना स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

आरा : आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के भोजपुर और पटना स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईओयू की अलग-अलग टीमों ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर आवास और फ्लैट की तलाशी शुरू की। इस दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज, संपत्ति के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाले जा रहे हैं।
अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ EOU थाना में मामला दर्ज किया गया है
ईओयू के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ ईओयू थाना में मामला दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। ईओयू के मुताबिक, विश्वसनीय सूचना के आधार पर उनकी आय और संपत्ति का सत्यापन कराया गया था। सत्यापन में ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में करीब एक करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपए की संपत्ति का प्रथमदृष्टया पता चला, जिसे आय से अधिक संपत्ति के तौर पर जांच के दायरे में लिया गया है। ईओयू के अनुसार, यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक है।
अवधपुरी स्थित आवास और दानापुर के फ्लैट में तलाशी
ईओयू की पहली टीम भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास अमित कुमार गुप्ता के निजी आवास पर पहुंची। वहीं दूसरी टीम पटना के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साई वरदान सिटी के सी ब्लॉक के फ्लैट नंबर-609 में तलाशी ले रही है। दोनों स्थानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है। टीम द्वारा संपत्ति से संबंधित कागजात और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
मोहनियां चेक पोस्ट पर हैं पदस्थापित
अमित कुमार गुप्ता वर्तमान में कैमूर जिले के मोहनियां चेक पोस्ट पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित बताए जा रहे हैं। इससे पहले वे पटना में पदस्थापित थे। प्राथमिकी में उनका स्थायी पता भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास बताया गया है। वहीं, भोजपुर ट्रक ओनर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय यादव की ओर से पूर्व में ईओयू से शिकायत कर उनकी संपत्ति की जांच की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है।
तलाशी के बाद स्पष्ट होगी बरामदगी
ईओयू की ओर से फिलहाल तलाशी के दौरान बरामदगी के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में जारी है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट










