शिक्षा विभाग का निर्णय: शिक्षण अवधि में शिक्षकों की बैठक, प्रशिक्षण और वीसी पर लगी पाबंदी
सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का समय अब बैठक, प्रशिक्षण और अन्य विभागीय कार्यों में बर्बाद नहीं होगा। शिक्षण अवधि में शिक्षकों को किसी भी बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला में नहीं बुलाया जाएगा।

पटना: सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का समय अब बैठक, प्रशिक्षण और अन्य विभागीय कार्यों में बर्बाद नहीं होगा। शिक्षण अवधि में शिक्षकों को किसी भी बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला में नहीं बुलाया जाएगा। ऐसे कार्यक्रम विद्यालय समय के पहले या बाद में आयोजित होंगे। विभागीय अधिकारी भी इस दौरान शिक्षकों से रिपोर्ट और आंकड़ों की मांग नहीं करेंगे। विद्यालयों में पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाने और शैक्षणिक अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी जिलों और विद्यालयों के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
विद्यालय निर्धारित समय पर खुलेंगे। प्रार्थना सभा समय पर होगी। पहली घंटी से ही पढ़ाई शुरू होगी। कोई भी कक्षा खाली नहीं रहेगी। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में केवल अनिवार्य स्थिति में ही लगाया जाएगा। ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि पढ़ाई बाधित न हो। प्रधानाध्यापक रोज शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करेंगे। किसी शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर उसी दिन दूसरे शिक्षक को कक्षा की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए विद्यालय में स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर रखा जाएगा। बिना सूचना या अनुमति के अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। हर विद्यालय में कक्षावार और विषयवार समय सारणी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
सभी शिक्षक रोज पाठ योजना तैयार करेंगे और शिक्षण डायरी रखेंगे। प्रधानाध्यापक इसकी नियमित समीक्षा करेंगे। कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। प्रारंभिक कक्षाओं में पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नियमित गृहकार्य, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं होंगी। उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर जांच और परीक्षा परिणामों का विश्लेषण भी किया जाएगा।
विद्यालयों में समय पालन, स्वच्छता, स्कूल ड्रेस और आपसी सम्मान को बढ़ावा दिया जाएगा। बच्चों के साथ सकारात्मक व्यवहार किया जाएगा। शारीरिक और मानसिक दंड पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रधानाध्यापक मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समय पर वितरण की निगरानी करेंगे। हर माह अभिभावक-शिक्षक बैठक भी आयोजित होगी। इससे पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेल और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। फुटबॉल का नियमित अभ्यास विद्यालय समय के बाद होगा। इसमें बालक और बालिकाएं दोनों भाग लेंगे। विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। गीत-संगीत, नाटक, शिल्प, भाषण और वाद-विवाद जैसी गतिविधियां भी होंगी। बच्चों को प्रेरणादायक और शैक्षिक वीडियो दिखाए जाएंगे। पीटी शिक्षक विशेष रूप से बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देंगे। प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।
प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारी हर हफ्ते तय संख्या में विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। कक्षा में पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति और वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था की जांच होगी। हर जिले में साप्ताहिक समीक्षा बैठक भी होगी। प्रधानाध्यापक अपने विद्यालय के शैक्षणिक अनुशासन के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। अच्छा काम करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी। सभी आरडीडीई और डीईओ एक सप्ताह के भीतर निर्देशों के अनुपालन की पुष्टि विभाग को भेजेंगे। उन्हें हर माह प्रगति प्रतिवेदन भी देना होगा।














