शराब तस्करों के मंसूबों पर RPF ने फेरा पानी, रांची रेलवे स्टेशन पर 16 लीटर से अधिक शराब जब्त
ट्रेनों के जरिए होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का 'ऑपरेशन सतर्क' लगातार जारी है। इसी कड़ी में RPF की संयुक्त टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर एक एक्सप्रेस ट्रेन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।

रांची: ट्रेनों के जरिए होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का 'ऑपरेशन सतर्क' लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार (23 नवंबर) की देर रात RPF की संयुक्त टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एक्सप्रेस ट्रेन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार पाण्डेय के निर्देश पर RPF फ्लाइंग टीम रांची और RPF पोस्ट रांची द्वारा स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 10:15 बजे रांची रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन संख्या 18622 (रांची-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस) के जनरल कोच की तलाशी ली गई।
जांच के दौरान कोच के बाथरूम के पास एक संदिग्ध काला बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला। टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया। संदेह होने पर जब RPF जवानों ने बैग को खोला, तो उसमें से विभिन्न ब्रांड की कुल 52 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
बरामद शराब का विवरण:
ब्लेंडर्स प्राइड (750 ML): 12 बोतल
मैकडॉवेल्स डबल ओक बैरल (180 ML): 40 बोतल
कुल मात्रा: 16.200 लीटर
अनुमानित बाजार मूल्य: ₹18,400
आगे की कार्रवाई:
RPF फ्लाइंग टीम के सब-इंस्पेक्टर (SI) रवि शेखर ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शराब और बैग को जब्त कर लिया है। जब्त की गई शराब को RPF पोस्ट रांची में सुरक्षित रखा गया है, जिसे मंगलवार (24 नवंबर) को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रांची उत्पाद विभाग (Excise Department) को सौंप दिया जाएगा।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट














