आंगन की पक्की दीवार तोड़ जमीन कब्जाने का आरोप, अब DIG के पास पहुंची पीड़िता
सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुरा खोजूचक वार्ड नंबर-2 निवासी रेखा देवी, पति संजय कुमार भगत ने ग्रामीण दबंगों पर जबरन पक्की दीवार तोड़कर जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है।

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुरा खोजूचक वार्ड नंबर-2 निवासी रेखा देवी, पति संजय कुमार भगत ने ग्रामीण दबंगों पर जबरन पक्की दीवार तोड़कर जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने मंगलवार को पुनः पुलिस उपमहानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच, कार्रवाई एवं न्याय की गुहार लगाई है।
डीआईजी को दिए आवेदन में रेखा देवी ने आरोप लगाया कि जोगिंदर मेहता, पंकज मेहता, अंगद मेहता सहित करीब 10-15 अज्ञात लोग हरवे-हथियार से लैस होकर उसके घर पहुंचे और पक्की दीवार को तोड़ने लगे। पीड़िता के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी एवं खंती से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। किसी तरह मौके से भागकर उसने अपनी जान बचाई।
पीड़िता का कहना है कि घटना के संबंध में इससे पूर्व भी बलवाहाट थाना, सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ, सहरसा एसपी एवं डीआईजी को कई बार लिखित आवेदन दिया जा चुका है। इसके अलावा आपातकालीन सेवा 112 पर भी सूचना दी गई, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से वह और उसका परिवार परेशान है।
रेखा देवी ने बताया कि आरोपितों द्वारा बार-बार इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिए जाने से परिवार के सदस्यों में भय एवं मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने पूर्व में दिए गए आवेदनों के साथ पक्की दीवार की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति से संबंधित तस्वीरें भी डीआईजी को सौंपे गए आवेदन के साथ संलग्न की हैं।
पीड़िता ने पुलिस उपमहानिरीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी जमीन और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब पीड़िता को वरीय पुलिस अधिकारी से न्याय मिलने की उम्मीद है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट










