बहू और पोती के साथ सोई थी, सुबह बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से सनसनी, दो उंगलियां काटकर सिर के पास...
पश्चिम चम्पारण के बेतिया कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहर नगर वार्ड-5 स्थित नोनिया टोली में बुधवार की एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। महिला का गला रेता हुआ था और बाएं हाथ की दो उंगलियां कटी हुई थीं, कटी अंगुली सिर के पास रखा गया था।

पश्चिम चम्पारण के बेतिया कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहर नगर वार्ड-5 स्थित नोनिया टोली में बुधवार की अहले सुबह एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बच्ची देवी (58), पति स्व. काशी महतो के रूप में हुई है। उनका शव घर के कमरे में मिला। महिला का गला रेता हुआ था और बाएं हाथ की दो उंगलियां कटी हुई थीं, कटी अंगुली सिर के पास रखा गया था। दाएं हाथ पर भी जख्म के निशान मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, बच्ची देवी दो मंजिला पक्के मकान में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थी। मकान में पांच कमरे हैं और चार भाइयों के लिए अलग-अलग कमरे हैं। परिवार के तीन भाई विवाहित हैं, जबकि एक अविवाहित है। घटना के समय सभी अपने-अपने कमरों में सो रहे थे।
मृतका के साथ तीसरे नंबर की पतोहू अंजू देवी और पोती स्वीटी कुमारी भी कमरे में सोई थी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। बताया गया कि बुधवार की सुबह करीब चार बजे अंजू देवी ने आवाज देकर देवरानी पूजा देवी और सुमन देवी को बुलाया और बताया कि मां के साथ कुछ हो गया है। इसके बाद परिजन कमरे में पहुंचे।
मृतका के चेहरे से कपड़ा हटाने पर गला रेता हुआ देखकर सभी के होश उड़ गए। हाथ की दो उंगलियां कटी हुई देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कालीबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई है
बगहा से परवेज आलम की रिपोर्ट











