10-18 साल से एक ही जगह जमे कर्मचारी, तबादले की मांग तेज, आंदोलन की चेतावनी
बोकारो सिविल सर्जन कार्यालय में लंबे समय से एक ही जगह पदस्थापित तीन कर्मचारियों के तबादले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तबादले की मांग को लेकर समिति ने 31 जुलाई को धरना देने का ऐलान किया था।

बोकारो सिविल सर्जन कार्यालय में लंबे समय से एक ही जगह पदस्थापित तीन कर्मचारियों के तबादले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संयुक्त संघर्ष समिति ने आरोप लगाया कि डाटा मैनेजर कंचन कुमारी, लेखपाल अमित सिन्हा और एनसीडी के मुकेश कुमार पिछले 10 से 18 वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं।
तबादले की मांग को लेकर समिति ने 31 जुलाई को धरना देने का ऐलान किया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने समिति से वार्ता कर तीनों कर्मचारियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए। डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने समिति के सदस्यों से पूछताछ की।
समिति ने सवाल उठाया कि जब प्रशासनिक अधिकारियों के लिए सामान्यतः तीन वर्ष की अवधि के बाद स्थानांतरण की व्यवस्था है, तो इन कर्मचारियों को वर्षों से एक ही कार्यालय में क्यों रखा गया है। समिति ने यह भी आरोप लगाया कि इनके कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग में खरीदारी को लेकर अनियमितताएं हुईं और वस्तुओं की कीमत बढ़ाकर खरीद की गई।
समिति के राहुल कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं झारखंड सरकार के अध्यक्ष डॉ. शशि प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में जांच हुई थी, जिसमें कार्यहित में तबादले की जरूरत बताई गई थी। समिति ने चेतावनी दी कि जल्द तबादला नहीं हुआ तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। मौके पर पार्षद गायत्री देवी, राहुल कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










