राहुल गांधी उठायेंगे मोतिहारी के किसानों का मुद्दा: पप्पू यादव
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि मोतिहारी में हो रहे किसान आंदोलन के मुद्दे को अब राहुल गांधी उठाएंगे। उन्होंने शनिवार को यह बातें पूर्वी चंपारण में कही। बता दें कि यहां वाटर पार्क निर्माण का विवाद लगातार चल रहा है।
पप्पू यादव ने कहा कि यह सरकार किसानों के जमीन को जबरन कब्जा कर रही है। लेकिन यह किसान आंदोलन का मुद्दा और बड़ा होगा। हम इसके लिए कोर्ट में जाएंगे। आगामी 15 जुलाई को राहुल गांधी पटना आएंगे और इस मुद्दे को वह खुद उठाएंगे। बता दे कि मोतिहारी के पिपराकोठी में प्रस्तावित वाटर पार्क निर्माण वाले जमीन का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है । किसानों की वर्षो पुरानी जमीन को जिला प्रशासन द्वारा गैरमजरूआ जमीन बताकर जमाबंदी रद्द कर दिया गया। जिसके विरोध में किसान पहले से आंदोलन कर रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह उस जमीन पर पहुंचे और ट्रैक्टर से जमीन को जोत दिया। बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक दिवसीय यात्रा बिहार में प्रस्तावित है। राहुल गांधी आगामी 15 जुलाई को पटना आएंगे। इस दौरान वह छात्रों से संवाद भी करेंगे।
पप्पू यादव शनिवार को इसी मुद्दे को लेकर किसानों के इस आंदोलन में शामिल हुए और अपना बडा बयान दिया। पप्पू यादव ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मोटी रकम के बदौलत किसानों के जमाबंदी को खारिज कर दिया गया और उस पर प्रशासन द्वारा वाटर पार्क निर्माण कराया जा रहा है। यह सरकार बिहार में किसानों के जमीन को जबरन कब्ज़ा कर रही है । बता दें कि इस मुद्दे पर पिछले कई दिनों से पूर्वी चंपारण में किसानों में आक्रोश बना हुआ है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट
Trending News