जहानाबाद में बडा बवाल, दो पक्षों में भीषण गोलीबारी, सात लोगों को लगी गोली
राज्य के जहानाबाद से बडी खबर है। यहां दो पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई है। अवैध बालू के उठाव को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया और दोनों पक्षों ने गोलबारी शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैला हुआ है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चैती पिपरा के समीप फल्गु नदी में शनिवार को तब अफरातफरी मच गयी, जब अवैध बालू उठाव को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें सात लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालू उठाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। इसके बाद दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग की इस घटना में रामपुर गांव निवासी धीरज कुमार के सीने में गोली लगी है। वहीं चैती पिपरा गांव के सुधीर कुमार, दिनेश राम, विजय कुमार, अजय कुमार और रेशम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा गिंजी गांव निवासी विष्णु कुमार भी गोली लगने से जख्मी हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने घायल विष्णु कुमार और विजय कुमार को सुरक्षित बाहर निकालकर पहले घोसी अस्पताल पहुंचाया, जहां से सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना जीएमसीएच रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
इधर पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जहानाबाद से बरूण की रिपोर्ट
Trending News