हथियारों से लैस अपराधियों ने CSP संचालक को गोली मारकर किया घायल
औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस अपराधियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

औरंगाबाद : औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस अपराधियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनके पास से करीब तीन लाख रुपए नकद, लैपटॉप व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घायल संचालक की पहचान पिरौटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है।
प्रदीप कुमार कुरुहमा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी संचालित करते हैं
बताया जाता है कि प्रदीप कुमार कुरुहमा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी संचालित करते हैं। अपने घर से सीएसपी खोलने के लिए कुरुहमा जा रहे थे। इसी दौरान बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक दी। अपराधियों ने रोकने के बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और इसी बीच एक अन्य अपराधी भी मौके पर पहुंच गया। अपराधियों ने हथियार के बल पर रुपए छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर एक अपराधी ने प्रदीप कुमार की जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी उनके पास रखे करीब तीन लाख रुपए, लैपटॉप और अन्य सामान लूटकर बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल प्रदीप कुमार ने किसी तरह आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी
घटना के बाद घायल प्रदीप कुमार ने किसी तरह आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
औरंगाबाद से रुपेश कुमार की रिपोर्ट










