'जब राजमहल में दुर्योधन बैठेगा तो सड़क पर दुशासन चीरहरण करेगा ही' समस्तीपुर घटना पर सियासत बेहिसाब
समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बीच सड़क लड़की से बदसलूकी मामले पर सियासत तेज है। सत्ता पक्ष की ओर से जहां सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं विपक्ष सरकार पर हमलावर है।

समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बीच सड़क पर एक लड़की से बदसलूकी का मामला सामने आया है। एक लड़की के साथ 3 से 4 युवकों ने छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया। आदेश मिलते ही कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। अब इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष की ओर से जहां सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं विपक्ष सरकार पर हमलावर है और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सम्राट सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
समस्तीपुर की घटना पर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस घटना के पीछे जाने की जरूरत है कि आखिर में कोई अपराधी अपराध करके वीडियो बनाकर वायरल तो नहीं कर सकता। इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है सरकार को बदनाम करने के लिए। विपक्ष के द्वारा मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगे जाने पर उन्होंने कहा कि अंधा व्यक्ति आंख की रोशनी के लिए कुछ भी करने को तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा, दोषियों को जल्द सजा मिलेगी।
वहीं जमुई के बाद समस्तीपुर की घटना पर JDU विधायक श्याम रजक ने कहा कि बिहार की जनता सुरक्षित महसूस कर रही है। इसका एक सामाजिक पहलू भी है। इस पर चर्चा करने की बात हो सकती है लेकिन इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर के सवाल उठाने पर कहा कि यह लोग राजनीति कर रहे हैं सबको पता है उनके समय में क्या होता था।
वहीं समस्तीपुर की घटना पर विपक्ष ने सीधे तौर पर सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि जब बेटियां घर से बाहर निकलती है तो परिजनों को आशंका रहती है कि मेरी बेटी की आबरू बचेगी की नहीं। मुख्यमंत्री को अपनी बात पर कायम रहना चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अब शरीफ लोग घर से बाहर निकलने में डरने लगे हैं।
वहीं समस्तीपुर की घटना पर कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि जब राजमहल में दुर्योधन बैठेगा तो सड़क पर दुशासन चीरहरण करेगा ही। बता दें कि बताया जा रहा कि युवती एक युवक के साथ बाइक से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती से नाम-पता पूछते और कथित तौर पर बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर अनुचित तरीके से छूने और सड़क पर खींचने जैसी हरकतें भी दिखाई दे रही हैं। हालांकि, वीडियो की पूरी परिस्थितियों और घटना की सत्यता की पुलिस जांच कर रही है। मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में FIR की प्रक्रिया और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो की जांच कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी सत्यापन किया जा रहा है।










