दिल्ली में सड़क जाम की आशंका, आरा से गुजरने वाली चार प्रमुख ट्रेनें रद्द
आरा: नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्टूबर को संभावित भीषण सड़क जाम को देखते हुए रेलवे ने कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में रेलवे बोर्ड के पीईडी/कोचिंग की ओर से 9 अक्टूबर को आदेश जारी किया

आरा: नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्टूबर को संभावित भीषण सड़क जाम को देखते हुए रेलवे ने कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में रेलवे बोर्ड के पीईडी/कोचिंग की ओर से 9 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है. आदेश के अनुसार, 9 अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद अपने प्रारंभिक स्टेशन से खुलने वाली उन मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना है.
रेलवे बोर्ड के जारी आदेश में दानापुर मंडल से खुलने वाली चार प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने की पुष्टि की गई है. इनमें आरा जंक्शन से होकर गुजरने वाली मगध एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. ये सभी ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से ही रद्द रहेंगी. ये ट्रेनें रहेंगी रद्द रेलवे के आदेश के अनुसार, ट्रेन संख्या 20801 मगध एक्सप्रेस 9 अक्टूबर को शाम 3:30 बजे इस्लामपुर से खुलने वाली थी और 10 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे नई दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय था. इसे रद्द कर दिया गया है.
इसी तरह ट्रेन संख्या 12309 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस 9 अक्टूबर को शाम 7:10 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल से रवाना होने वाली थी. इसके नई दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय 10 अक्टूबर को सुबह 7:40 बजे था. यह ट्रेन भी रद्द रहेगी. ट्रेन संख्या 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को 9 अक्टूबर को शाम 7:20 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल से खुलना था. यह ट्रेन 10 अक्टूबर को सुबह 7:55 बजे नई दिल्ली पहुंचती. रेलवे ने इसका परिचालन भी रद्द कर दिया है. वहीं, ट्रेन संख्या 22361 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी. इस ट्रेन के 9 अक्टूबर को शाम 7:50 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल से खुलने और 10 अक्टूबर को दोपहर 1:10 बजे नई दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय था.
यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी इन ट्रेनों के रद्द होने से आरा, कोईलवर और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. खासकर दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से कर लें.
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













