प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान और गौरव से जुड़ा हुआ है: संजय सरावगी

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी आज अपने प्रवास कार्यक्रम के क्रम में सासाराम से आरा पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उनका कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान और गौरव से जुड़ा हुआ है: संजय सरावगी
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Jan 25, 2026, 6:07:00 PM

पटना: बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी आज अपने प्रवास कार्यक्रम के क्रम में सासाराम से आरा पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उनका कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

आरा पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले धोबीघटवा मोड़ पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया। इसके बाद वे जगदेवनगर में जगदेव प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उसके बाद स्वामी सहजानन्द स्मारक, जे पी स्मारक पर माल्यार्पण किया। भाजपा अध्यक्ष भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उसके बाद वीर कुंवर सिंह पार्क में वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वे इस क्रम में महावीर मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने पूजा अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त कर बिहार के लोगों के सुख और समृद्धि की कामना कीम

इसके बाद वे रामलीला मैदान पहुंचे जहां कार्यकर्ता सम्मान समारोह और जी रामजी सम्मेलन में हिस्सा लिए। यहां पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पार्टी पदाधिकारियों एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं द्वारा आत्मीयता, उत्साह और अपनत्व के साथ स्वागत और सम्मानित किए गए।

इस मौके पर उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का समर्पण ही भाजपा की ताकत है। दशकों तक पार्टी को संगठनात्मक और वैचारिक मजबूती देने वाले साथियों का तप, त्याग और अनुशासन ही आज भाजपा के विशाल वटवृक्ष का आधार है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार की वर्तमान एनडीए सरकार कार्यकर्ताओं की सरकार है और प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर मेरा दायित्व प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान और गौरव से जुड़ा हुआ हैम

भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में लगातार एनडीए सरकार का गठन कार्यकर्ताओं की तपस्या और संगठनात्मक निष्ठा का फल है। कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा-भाव ही संगठन की शक्ति है।

उन्होंने इस क्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि इन सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही सच्ची संगठन सेवा होगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे नए रोजगार गारंटी योजना जी रामजी की चर्चा करते हुए विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष इसकी आलोचना कर लोगों को बरगला रही है।

इसके बाद वे जिला कोर कमिटी की बैठक की और उसके बाद जिला पदाधिकारी, मोर्चा और मंडल अध्यक्ष के साथ बैठक में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संघ कार्यालय पहुंचे और प्रबुद्धजनों के साथ भी बैठक की। इस यात्रा में वे व्यवसायिक सम्मान समारोह में भी शिरकत की।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष सरावगी काराकाट विधानसभा क्षेत्र के डुमराव रोड, विक्रमगंज स्थित बूथ संख्या 69 पर पूर्व विधायक राजेश्वर राज के आवास पर पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम 'मन की बात' को भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ सुना।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार राष्ट्रसेवा, सामाजिक दायित्व और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और सुदृढ़ करते हैं तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

इस यात्रा के दौरान हसन बाजार, पीरो, चारपोखरी एवं गड़हनी आगमन पर कार्यकर्ताओं और साथियों द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।

इस क्रम में प्रदेश अध्यक्ष सासाराम में जियर स्वामी जी महाराज के दर्शन भी प्राप्त किए और भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या से जुड़े श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं श्रीहनुमत-श्रीराम महायज्ञ के पावन आयोजन में भी शामिल हुए।