सम्राट के मंत्री ने शराबबंदी कानून पर उठाए सवाल, कहा-पुलिस का नहीं मिल रहा अपेक्षित सहयोग, DGP को लिखेंगे पत्र

बिहार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन साहनी ने शराबबंदी कानून पर सवाल उठाए हैं। मंत्री मदन सहनी ने डीजीपी को पत्र लिखकर अधिक सहयोग मांगने की बात कही है।

सम्राट के मंत्री ने शराबबंदी कानून पर उठाए सवाल, कहा-पुलिस का नहीं मिल रहा अपेक्षित सहयोग, DGP को लिखेंगे पत्र
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 14, 2026, 1:59:00 PM

बिहार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन साहनी ने शराबबंदी कानून पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अवैध बिक्री और तस्करी पर चिंता जताई है। साथ ही कहा है कि पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने से चुनौती बरकरार है। मंत्री मदन सहनी ने डीजीपी को पत्र लिखकर अधिक सहयोग मांगने की बात कही है।  

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन साहनी ने शराबबंदी पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि कानून को पूरी तरह सफल बनाने में पुलिस प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के 10 वर्ष पूरे होने के बावजूद इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चुनौतियां बनी हुई है।  

मंत्री मदन साहनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस उद्देश्य से शराबबंदी लागू की थी,उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में अब उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी अब भी सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। 

अधिकारियों का मानना है कि तस्कर लगातार नए तरीके अपनाकर शराब की खेप राज्य में पहुंचाने का प्रयास करते हैं, ऐसे में तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था तस्करी रोकने में कारगर साबित होगी। इसके साथ ही विभाग अवैध शराब कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई तेज की जाएगी। 

मंत्री मदन साहनी ने कहा कि शराबबंदी कानून की समीक्षा के लिए नियमित बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों में पुलिस विभाग के अलावा रेलवे प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को भी शामिल किया जा रहा है। ताकि राज्य में शराब की तस्करी के सभी संभावित रास्तों पर निगरानी रखी जा सके। इतना ही नहीं मंत्री ने कहा कि पुलिस सहयोग बढ़ाने के लिए डीजीपी को पत्र लिखा जाएगा, ताकि शराबबंदी कानून को और प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। ऐसे में शराबबंदी कानून पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।