SNMMCH के सर्जिकल ICU में आधे घंटे बिजली गुल, महिला मरीज की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
धनबाद : जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी SNMMCH में रविवार को बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

धनबाद : जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी SNMMCH में रविवार को बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। अस्पताल के इमरजेंसी स्थित सर्जिकल ICU में करीब आधे घंटे तक बिजली गुल रही। इसी दौरान 48 वर्षीय आदिवासी महिला मरीज पानमुनि देवी की मौत हो गई।
मृतका गिरिडीह जिले की रहने वाली थीं और शनिवार को जहरीले सांप के काटने के बाद गंभीर हालत में SNMMCH रेफर की गई थीं। परिजनों का आरोप है कि बिजली गुल होने के कारण ICU में लगे जरूरी मेडिकल उपकरण बंद हो गए और मरीज की हालत बिगड़ गई। हालांकि, महिला की मौत सीधे तौर पर बिजली कटने से हुई या उनकी पहले से गंभीर चिकित्सकीय स्थिति इसकी वजह बनी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने बताया है कि करीब एक सप्ताह से जनरेटर खराब है, जिसकी वजह से बिजली कटने के दौरान बैकअप की समस्या सामने आ रही है।
गिरिडीह की रहने वाली 48 वर्षीय पानमुनि देवी को शनिवार को जहरीले सांप ने काट लिया था। परिजनों ने पहले उनका इलाज गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें धनबाद के SNMMCH रेफर कर दिया गया।
SNMMCH पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इमरजेंसी के सर्जिकल ICU में भर्ती किया था।
परिजनों के मुताबिक रविवार को अचानक सर्जिकल ICU की बिजली गुल हो गई। करीब आधे घंटे तक बिजली नहीं रहने के दौरान ICU में लगे कई जरूरी उपकरण प्रभावित हुए। इसी दौरान पानमुनि देवी की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बिजली जाने के बाद मरीजों की निगरानी और जरूरी उपकरणों को चलाने के लिए अस्पताल की ओर से तत्काल कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
सिर्फ सर्जिकल ICU ही नहीं, बल्कि बिजली गुल होने से अस्पताल के महिला और पुरुष वार्ड में भी अंधेरा छा गया। गर्मी से परेशान मरीजों के परिजन हाथ के पंखे से अपने मरीजों को हवा करते नजर आए।
परिजनों का कहना है कि SNMMCH जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में बिजली और बैकअप जैसी बुनियादी व्यवस्था का इस तरह प्रभावित होना गंभीर चिंता का विषय है।
मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि करीब एक सप्ताह से अस्पताल का जनरेटर खराब पड़ा है। इसके कारण बिजली कटने की स्थिति में बैकअप को लेकर परेशानी हो रही है और कभी-कभी ICU की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो जाती है।
हालांकि, पानमुनि देवी की मौत का सीधा कारण बिजली गुल होना था या सांप के जहर के कारण उनकी गंभीर चिकित्सकीय स्थिति, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। इसके लिए पूरे मामले की जांच जरूरी है। लेकिन इस घटना ने SNMMCH की बिजली व्यवस्था, ICU बैकअप और अस्पताल प्रबंधन की तैयारियों पर जरूर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट










