दिल्ली में पांच मंजिला बिल्डिंग भरभराकर ढह गई, एक्शन में अमित शाह, CM रेखा गुप्ता भी पहुंची, एक की मौत, मलबे में कई दबे..
राजधानी दिल्ली में बारिश के चलते रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला बिल्डिंग भरभराकर ढह गई, जिसमें करीब 30-40 छात्रों के दबे होने की आशंका है।

राजधानी दिल्ली में बारिश के चलते रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला बिल्डिंग भरभराकर ढह गई, जिसमें करीब 30-40 छात्रों के दबे होने की आशंका है। घटना के वक्त हॉस्टल में कई छात्र मौजूद थे जो हादसे की चपेट में आ गए। इमारत ढहने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, दिल्ली के पुलिस कमिश्नर और NDRF के डायरेक्टर जनरल से बात कर ज़मीनी हालात का जायज़ा लिया है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि दोपहर करीब 1:34 बजे साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन को नानकपुरा गुरुद्वारे के पास एक इमारत गिरने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, CAT एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी सेवाएं मौके पर मौजूद हैं। NDRF की टीम भी पहुंच गई है और राहत व बचाव कार्य जारी है। चार मरीज एम्स ट्रामा सेंटर लाए गए। इनमें दो की हालत गंभीर है। एक मरीज बचावकर्मी बताया गया, जिसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, एक मरीज को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया।
दिल्ली पुलिस इस मामले में FIR दर्ज कर रही है। दिल्ली पुलिस से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, इस इमारत में एक बेसमेंट और 5 ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था। जब इमारत गिरी तब बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। अब तक 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। खोज और बचाव अभियान जारी है।
इस हादसे को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने का आदेश दिया है। DM, दिल्ली पुलिस, NDRF समेत विभाग के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंच गई हैं। इस हादसे की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना कार्यक्रम बीच में ही रुकवा दिया। दरअसल, अमित शाह गोवा में बीजेपी के नए कार्यालय के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान दिल्ली में इमारत गिरने की सूचना मिलने पर उन्होंने अपने कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया।
सत्य निकेतन हादसे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा-दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी शामिल हैं। मेरी अपील है कि NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दल हर संभव प्रयास करके हर एक छात्र तक पहुंचें, घायलों को तुरंत सर्वोत्तम संभव इलाज मिले, ताकि किसी को भी बचाने में कोई कसर न छोड़ी जाए। कॉलेज या विश्वविद्यालय में अच्छे हॉस्टल न होने के कारण छात्र PG में एक छत के नीचे 40-40 की संख्या में, अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। हर छात्र की जान कीमती है और उसकी रक्षा हर हाल में होनी चाहिए।










