खुर्दा महोत्सव का हुआ शुभारंभ, सांसद पप्पू यादव ने किया उद्घाटन
मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड के ईसराइन खुर्द पंचायत के आदर्श ग्राम खुर्दा करुवैली में दुर्गा पूजा के अवसर पर लगने वाले खुर्दा महोत्सव का शुभारंभ हो गया है।

मधेपुरा : मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड के ईसराइन खुर्द पंचायत के आदर्श ग्राम खुर्दा करुवैली में दुर्गा पूजा के अवसर पर लगने वाले खुर्दा महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। जिसका उद्घाटन शनिवार की देर शाम को संरक्षक पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सहित उन अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान महोत्सव में घूम घूम कर सांसद पप्पू यादव ने कई स्टॉल और दुकानों का फीता काटकर उद्घाटन किया और इसी के साथ खुर्दा महोत्सव की शुरुआत हो गई है।
यह महोत्सव 17 से 25 अक्टूबर तक चलेगा
बताया गया कि यह महोत्सव 17 से 25 अक्टूबर तक चलेगा। 18 व 19 अक्टूबर को राष्ट्रीय कब्बडी खेल प्रतियोगिता जबकि 20 और 21 अक्टूबर को कुश्ती दंगल के महामुकाबला में अंतराष्ट्रीय पहलवान खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे। 22 व 23 को मुंबई के फिल्मी सितारे और भोजपुरी कलाकारों की महफिल सजेंगी। इसके अलावा मेला में राम झूला, मौत का कुआं, शोभा सम्राट चित्रहार व सर्कस सेवा समेत मनोरंजन के कई साधन हैं। खुर्दा महोत्सव में उत्तर बिहार के कई जिलों से लोग मेला देखने के लिए आते हैं। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पर बेरीकेटिंग के साथ मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पूरे मेला परिसर में CCTV कैमरे से निगरानी की जा रही है
साथ ही पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। वहीं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है, जहां जरूरतमंद लोगों को मुफ्त में दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही है। मां से उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मां बहन बेटियों के इज्जत के साथ खिलवाड़ करने वाले व्यक्ति के हाथ काटने वालों को दो लाख का इनाम दिया जाएगा।
बेटियों और बहनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार की कोई समझौता नहीं की जाएगी - सांसद पप्पू यादव
उन्होंने कहा कि बेटियों और बहनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार की कोई समझौता नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मां दुर्गा ने महिषासुर का वध किया है। उसी प्रकार अगर आपके आसपास कोई भी व्यक्ति किसी लड़की के साथ छेड़खानी कर रहा हो तो उनका हाथ काट कर मेरे पास आइए हम आपको दो लाख का इनाम दूंगा। आरोपी कोई भी क्यों ना हो कितना भी ताकतवर क्यों ना हो उसे बक्शा नहीं जाएगा।
मधेपुरा से रविकांत की रिपोर्ट













