स्टील प्लांट का मुख्य गेट खुला, 150 जवान तैनात, जहरीली गैस के खतरे ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता
बोकारो में विस्थापितों के नियोजन आंदोलन के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए रविवार सुबह बोकारो स्टील प्लांट का मुख्य गेट खुलवा दिया। पिछले दो दिनों से गेट बंद रहने के कारण कर्मचारियों की आवाजाही बाधित थी।

बोकारो : बोकारो में विस्थापितों के नियोजन आंदोलन के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए रविवार सुबह बोकारो स्टील प्लांट का मुख्य गेट खुलवा दिया। पिछले दो दिनों से गेट बंद रहने के कारण कर्मचारियों की आवाजाही बाधित थी। चास एसडीएम प्रांजल ढांडा और एएसपी वेदांत शंकर मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से बातचीत कर गेट खुलवाया। इसके बाद ए शिफ्ट के कर्मचारियों की आवाजाही शुरू हो गई।
SDM ने कहा- प्लांट में जहरीली गैसों की मौजूदगी के कारण संभावित लीकेज को लेकर सुरक्षा चिंता बढ़ गई थी
एसडीएम ने बताया कि प्लांट में जहरीली गैसों की मौजूदगी के कारण संभावित लीकेज को लेकर सुरक्षा चिंता बढ़ गई थी। जरूरत पड़ने पर अन्य गेट भी खुलवाए जाएंगे। वहीं, एएसपी ने बताया कि सुरक्षा के लिए जगुआर, होमगार्ड और जिला बल के करीब 150 जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी धरना स्थल पर धरना जारी रखें उसे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन प्लांट का संचालन बाधित नहीं करें। गौरतलब है कि प्रबंधन ने उत्पादन ठप होने से प्रतिदिन करीब 30 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट













