JPSC ने जारी किया 14वीं परीक्षा का नोटिफिकेशन, 103 पदों पर होगी बहाली

JPSC ने जारी किया 14वीं परीक्षा का नोटिफिकेशन, 103 पदों पर होगी बहाली

JPSC ने जारी किया 14वीं परीक्षा का नोटिफिकेशन, 103 पदों पर होगी बहाली
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jan 30, 2026, 3:03:00 PM

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 103 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 31 जनवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

किन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती प्रक्रिया में प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं में सबसे अधिक रिक्तियां रखी गई हैं। पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के 42 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जबकि उप समाहर्ता (डिप्टी कलेक्टर) के 28 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त जनसंपर्क पदाधिकारी तथा सहायक नगर आयुक्त/कार्यपालक पदाधिकारी के 10-10 पद शामिल हैं। प्रोबेशन पदाधिकारी के 4, सहायक निदेशक (महिला एवं बाल विकास) के 3, जिला समादेष्टा के 2, सहायक निबंधक के 2 और काराधीक्षक के 2 पदों पर भी बहाली होगी। इस तरह कुल 103 रिक्तियों को भरा जाएगा।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष तय की गई है। अनारक्षित वर्ग के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष रखी गई है, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी गई है—

  • बीसी-I/बीसी-II: 37 वर्ष

  • महिलाएं: 38 वर्ष

  • एससी/एसटी: 40 वर्ष

चयन की प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र होंगे और कुल 400 अंक निर्धारित हैं। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य (लिखित) परीक्षा में शामिल होना होगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जाएगा। अंतिम चयन सूची मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।

वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक मानक

DSP, जिला समादेष्टा और काराधीक्षक जैसे वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक मापदंड भी निर्धारित किए गए हैं।

  • सामान्य व पिछड़ा वर्ग के पुरुषों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेमी और SC/ST पुरुषों के लिए 162 सेमी है।

  • सामान्य व पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 155 सेमी तथा SC/ST महिलाओं के लिए 152 सेमी न्यूनतम ऊंचाई तय की गई है।

आवेदन और विस्तृत जानकारी

भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी, पात्रता विवरण और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया JPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर उपलब्ध है।