स्वर्ण व्यवसायी को चाकू से गोदा, इलाज के दौरान मौत, भारी बवाल, पहुंचे SP
सीवान में कल ज्वैलरी दुकान में लूट की कोशिश और स्वर्ण व्यवसायी पर चाकू से हमले के मामले में घायल स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा की इलाज के दौरान आज मौत हो गई। मौत के बाद लोग आक्रोशित हो गए और स्वर्ण व्यवसायी के शव को बाजार में रख विरोध प्रदर्शन किया।

सीवान में कल ज्वैलरी दुकान में लूट की कोशिश और स्वर्ण व्यवसायी पर चाकू से हमले के मामले में घायल स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा की इलाज के दौरान आज मौत हो गई। मौत के बाद लोग आक्रोशित हो गए और स्वर्ण व्यवसायी के शव को बाजार में रख विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित व्यवसायियों ने बाजार की सभी दुकानों को बंद रखा है। आक्रोशित लोगों ने अपराधी की गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा की मांग की। सीवान एसपी भारत सोनी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाबूझाकर मामला को शांत कराया।
गौरतलब है कि दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी स्थित नीरज ज्वेलर्स में कल बेखौफ पांच अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए लूट की कोशिश की थी। दुकान में मौजूद स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा ने जब अपराधियों का विरोध किया था, तो बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया था और भागने के दौरान कई राउंड फायरिंग भी की थी।
वारदात के दौरान तीन अपराधी मौके से फरार हो गए थे, जबकि स्थानीय लोगों की मदद से दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। इस हमले में स्वर्ण व्यवसाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे।वहीं आज गोरखपुर में इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई है।
व्यवसायी की मौत के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है तो वहीं व्यवसायी इस घटना से गुस्से में है। दिनदहाड़े जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया था पुलिस प्रशासन के साथ-साथ लॉ एंड ऑर्डर पर एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है। फिलहाल SP के समझाने बुझाने के बाद लोग शांत हुए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस अन्य फरार बदमाशों की गिरफ्तारी कब तक करती है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट










