झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, परिवार और समर्थकों में शोक की लहर
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन हो गया है। वो पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां वो वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन हो गया है। वो पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां वो वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं। हेमंत सोरेन की मां के निधन से झारखंड के सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। रूपी सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी थी।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में 20 दिन अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद उन्होंने 80 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया था। उन्हें सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हिल व्यू हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उनका हार्ट रेट अनियंत्रित होने और लगातार गिरावट के बाद चिकित्सकों ने आपात बैठक कर आगे के उपचार पर चर्चा की थी।
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि रूपी सोरेन की हालत नाजुक बनी हुई थी। उनको वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। डॉक्टरों की टीम जीवन रक्षक उपकरणों की मदद से उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही थी। रांची के हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर डॉ. नितेश प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार रात को करीब 8.30 बजे निधन हो गया। उन्हें 18 सितंबर को सांस लेने में तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया जा रहा कि इससे पहले 7 सितंबर को बेहतर इलाज के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां रूपी सोरेन को हैदराबाद लेकर गए थे। वहां इलाज के बाद उनकी स्थिति में कुछ सुधार हुआ था। वह वापस रांची लौटी थीं। घर लौटने के कुछ ही दिन बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई थी। इसके बाद उनको हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मां की बिगड़ती हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपने सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे और डॉक्टरों से पल-पल की जानकारी ले रहे थे। इसी वजह से कैबिनेट बैठक भी स्थगित की गई थी। रूपी सोरेन ने साल 1999 के लोकसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर दुमका (एसटी) लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली थी।













