ठनका गिरने से एक की मौत, दो घायल, अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा
आरा: संदेश थाना क्षेत्र के कोसडिहरा गांव में सोमवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दो लोग घायल हो गये. हादसे के बाद तीनों को आनन-फानन में संदेश रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राज बिहारी राम को मृत घोषित किया

आरा: संदेश थाना क्षेत्र के कोसडिहरा गांव में सोमवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दो लोग घायल हो गये. हादसे के बाद तीनों को आनन-फानन में संदेश रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राज बिहारी राम को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल मंजू देवी और राम गति सिंह का प्राथमिक उपचार किया गया. मंजू देवी की हालत में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया गया, जबकि राम गति सिंह की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है.
बताया जाता है कि कोसडिहरा गांव के तीनों लोग सोमवार की सुबह करीब छह बजे शौच या टहलने के लिए गांव से दक्षिण बधार की ओर गये थे. इसी दौरान बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए तीनों बारा गांव के उत्तर की ओर एक पेड़ के नीचे खड़े हो गये. इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से तीनों वहीं बेहोश होकर गिर पड़े. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों को संदेश रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया.
शव आरा ले जाने को लेकर अस्पताल में हंगामा
राज बिहारी राम की मौत के बाद उनकी बहन और सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद यादव ने शव को आरा ले जाने के लिए अस्पताल प्रभारी डॉ रणधीर कुमार से एंबुलेंस की मांग की. एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराने को लेकर परिजन, ग्रामीण और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लोग अस्पताल प्रभारी के कार्यालय पहुंच गये. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गयी. अस्पताल प्रभारी ने लोगों को मोबाइल बंद करने के लिए कहा. इसके बाद मामला बढ़ गया.
आरोप है कि अस्पताल प्रभारी के निर्देश पर सुरक्षा गार्ड ने लोगों को कार्यालय से बाहर निकालना शुरू किया. इसी दौरान मृतक की बहन का हाथ पकड़कर उन्हें बाहर किया गया, जिससे भीड़ के बीच वह लड़खड़ाकर गिर गयीं. घटना के बाद अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गयी.
सूचना मिलने पर संदेश थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.
भोजपुर से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













