जमुई में अपराध बेलगाम: चोरी-छिनतई के बाद अब दिनदहाड़े गोली मारकर लूट, पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल
जमुई में इन दिनों अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। टाउन थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव के पास फेरीदार से मोबाइल छीनने के दौरान फेरी दुकानदार को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आ गई है। जिससे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है।

जमुई: जमुई में इन दिनों अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। पुलिस प्रशासन लाख दावे कर ले, लेकिन जमीन पर अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। पिछले कुछ दिनों की बात करें तो जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।
कुछ दिन पहले ही एक नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी, उसके बाद मानिआड्डा इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई। इसके अगले ही दिन एक इलाके में महिला से चेन स्नेचिंग की घटना हुई। इन घटनाओं से पुलिस अभी उबरी भी नहीं थी कि अब फिर से टाउन थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव के पास फेरीदार से मोबाइल छीनने के दौरान फेरी दुकानदार को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आ गई है। जिससे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब 11:34 बजे कुंदरी गांव के पास फेरी का काम करने वाला युवक अपने काम से जा रहा था। युवक की पहचान मारुख सेख,पिता - रफीक सेख घर मुर्शिदबाद,जमुई में किराए के मकान महिसौड़ी मिर्चा मस्जिद के पास अपने दोस्तों के साथ रहता था,तभी बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उसे रोका और उसका मोबाइल छीनने लगे। जब मारुख ने मोबाइल देने से इनकार किया और विरोध किया तो अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर उसकी पीठ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे, तब तक अपराधी भाग चुके थे। घायल मारुख लहूलुहान हालत में सड़क पर बेहोश पड़ा था।
बंगाल का रहने वाला है घायल युवक -
घायल युवक की पहचान मारुख सेख के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले रफीक का पुत्र है। वह पिछले कई महीनों से अपने करीब सात साथियों के साथ जमुई शहर के महीसौढ़ी मोहल्ले में किराए के मकान में रहकर फेरी का काम कर परिवार का भरण पोषण करता है। वह गांव-गांव घूमकर कपड़े और अन्य सामान बेचता है।
घटना के बाद उसके साथी बब्बन शेख ने बताया, "मारुख ने हमें फोन कर कहा कि कुछ लोग उसका मोबाइल छीन रहे हैं। हम कुछ समझ पाते तब तक उसने बताया कि गोली मार दी है। हम दौड़कर मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा था।"
इसके बाद सभी साथी वहां पहुंचे और आनन फानन में उसे उठाकर तुरंत सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार गोली पीठ में लगी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
सदर अस्पताल पहुंची पुलिस, जांच में जुटी -
इधर, घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। टाउन थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस की एक टीम तुरंत सदर अस्पताल पहुंची और घायल और उसके साथियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का भी मुआयना किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेकिन लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दिनदहाड़े हो रही चोरी, छिनतई, छेड़छाड़ और गोलीबारी की घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्ती और दिन की पेट्रोलिंग सिर्फ कागजों पर है। अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। आने वाला समय कहीं इससे भी ज्यादा भयावह न साबित हो जिसके लिए पुलिस को कोई कठोर और ठोस कदम उठाने होंगे।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट













