डिग्री कॉलेज चौक से गांधी मैदान तक निकली सेवा ज्योति यात्रा, रंगोली के जरिए दिया सेवा और राष्ट्रभावना का संदेश
सुपौल में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज चौक पर भाजपा युवा मोर्चा के तत्वावधान में “सेवा ज्योति” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सुपौल में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज चौक पर भाजपा युवा मोर्चा के तत्वावधान में “सेवा ज्योति” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव टेलीकास्ट किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं और लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिसमें सेवा, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण से जुड़े संदेशों को दर्शाया गया। रंगोली लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर छातापुर विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस अवधि में उन्होंने देश और समाज की सेवा को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याण तथा राष्ट्र निर्माण के लिए लगातार कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सेवा का संकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याण की पहुंच सुनिश्चित करने की भावना से जुड़ा है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता भी आम लोगों के बीच पहुंचकर सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रहित का संदेश दे रहे हैं।
कार्यक्रम के बाद डिग्री कॉलेज चौक से “सेवा ज्योति यात्रा” निकाली गई। यात्रा लोहिया नगर चौक होते हुए गांधी मैदान पहुंची। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और सेवा, राष्ट्रहित एवं जनकल्याण का संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजयुमो कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।
सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट













