गोपालगंज में वोट चोरी के खिलाफ उतरा महागठबंधन, प्रखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला
गोपालगंज मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और 'वोट चोरी' के गंभीर आरोपों को लेकर बुधवार को महागठबंधन के आह्वान पर गोपालगंज जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन किया गया।

गोपालगंज मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और 'वोट चोरी' के गंभीर आरोपों को लेकर बुधवार को महागठबंधन के आह्वान पर गोपालगंज जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महागठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
लोकतंत्र की बुनियाद पर हमला: राजद
कुचायकोट प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजद के प्रखंड अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की रीढ़ है। वर्तमान में मतदाताओं के अधिकारों और वोटिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना होगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
महागठबंधन के शीर्ष नेताओं ने स्पष्ट किया कि मताधिकार और संविधान की रक्षा के लिए यह लड़ाई केवल एक दिन की नहीं है। जनता के वोटों की हिफाजत के लिए सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सभी घटक दल रहे मौजूद
जिलेभर में हुए इन प्रदर्शनों में राष्ट्रीय जनता दल कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी वीआईपी सी.पी.एम.और भाकपा-माले के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट













