चैनपुर CHC में कुपोषण प्रबंधन को लेकर ANM व CHO को दिया गया प्रशिक्षण
पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चैनपुर परिसर में शुक्रवार को SAAMAR/CMAM कार्यक्रम के तहत एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के लिए जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

चैनपुर : पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चैनपुर परिसर में शुक्रवार को SAAMAR/CMAM कार्यक्रम के तहत एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के लिए जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एससीओई-एसएएम, रिम्स रांची एवं यूनिसेफ की विशेषज्ञ टीम के संयुक्त सहयोग से किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों के शारीरिक एवं पोषण संबंधी मूल्यांकन, चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर गंभीर तीव्र कुपोषण से ग्रसित बच्चों की समय पर पहचान, स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय मूल्यांकन और उचित उपचार सुनिश्चित करना था। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को गंभीर तीव्र कुपोषण (SAM) एवं मध्यम तीव्र कुपोषण (एमएएम) से ग्रसित बच्चों की पहचान करने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों के शारीरिक एवं पोषण संबंधी मूल्यांकन, चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण व निर्धारित दवा एवं उपचार पद्धति की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
इसके अलावा कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने, जरूरत पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में भेजने (रेफरल) व नियमित रूप से उनकी निगरानी और देखभाल करने के महत्व पर भी चर्चा की गई। रिम्स रांची के एससीओई-एसएएम एवं यूनिसेफ की विशेषज्ञ टीम ने स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यक्रम के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। साथ ही अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग और समुदाय स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग और समुदाय स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि कुपोषण से प्रभावित बच्चों को समय पर उचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकें। प्रशिक्षण में इस बात पर जोर दिया गया कि बच्चों की समय पर पहचान, सही चिकित्सकीय जांच, निर्धारित उपचार और नियमित निगरानी से कुपोषण की समस्या पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सकता है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट














