एक्शन मोड में DM, पंचायतों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
सिवान से जहां जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एक्शन मोड में नजर आए। डीएम ने आज भगवानपुर और महाराजगंज प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।

सिवान : सिवान से जहां जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एक्शन मोड में नजर आए। डीएम ने आज भगवानपुर और महाराजगंज प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। डीएम के लंबे प्रशासनिक काफिले के पंचायतों में पहुंचते ही अधिकारियों और सरकारी कर्मियों में हलचल तेज हो गई।
DM ने सरकार की महत्वाकांक्षी सेवा संकल्प एवं कायाकल्प योजना के तहत संचालित कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया
दरअसल, जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने सरकार की महत्वाकांक्षी सेवा संकल्प एवं कायाकल्प योजना के तहत संचालित कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल, कॉलेज, पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल सहित पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से विकास योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और आम जनता को मिल रही सरकारी सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान अनुमंडल, प्रखंड और जिला स्तर के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे
उन्होंने विभिन्न योजनाओं की वास्तविक स्थिति को परखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान अनुमंडल, प्रखंड और जिला स्तर के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट रूप से विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने और विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के संभावित सीवान दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
वहीं, इस निरीक्षण को आगामी एक से दो महीने के भीतर बिहार के मुख्यमंत्री के संभावित सीवान दौरे से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की लगातार समीक्षा कर रहा है। जिलाधिकारी स्वयं अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जान रहे हैं, ताकि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अब बड़ा सवाल यह है कि DM के इस औचक निरीक्षण के बाद क्या सरकारी विभागों की कार्यशैली में बदलाव आएगा?
अब बड़ा सवाल यह है कि डीएम के इस औचक निरीक्षण के बाद क्या सरकारी विभागों की कार्यशैली में बदलाव आएगा? क्या विकास योजनाओं का लाभ वास्तव में अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाएगा? फिलहाल, भगवानपुर और महाराजगंज में डीएम के निरीक्षण के बाद प्रशासनिक महकमे में चर्चाओं का दौर तेज है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि निरीक्षण के दौरान मिले निर्देशों का कितना असर जमीन पर दिखाई देता है।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट














