रेलवे केबल तार चोरी के मामले में बड़ा खुलासा, बरकाकाना स्टेशन से रंगे हाथ गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बरकाकाना रेलवे स्टेशन के आसपास लगातार हो रही केबल तार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक चोर को रंगे हाथों दबोचा है।

बरकाकाना/डालटनगंज : पलामू जिले में रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरकाकाना रेलवे स्टेशन के आसपास लगातार हो रही केबल तार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक चोर को रंगे हाथों दबोचा है।
बरकाकाना रेलवे स्टेशन और आसपास के ट्रैक से लगातार रेलवे के सिग्नल केबल तार काटकर चोरी की जा रही थी
पिछले कुछ हफ्तों से बरकाकाना रेलवे स्टेशन और आसपास के ट्रैक से लगातार रेलवे के सिग्नल केबल तार काटकर चोरी की जा रही थी। इससे न सिर्फ रेल परिचालन प्रभावित हो रहा था, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा था। केबल चोरी के कारण कई बार सिग्नल फेल होने की शिकायतें भी रेलवे को मिल रही थीं। इन घटनाओं को लेकर रेलवे जीआरपी थाना काफी परेशान था। चोरों को पकड़ने के लिए थाना प्रभारी के निर्देश पर स्टेशन और आसपास के इलाकों में सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा
इसी निगरानी के दौरान गुरुवार को बरकाकाना रेलवे स्टेशन परिसर में जीआरपी की टीम ने चैनपुर थाना क्षेत्र के निवासी साहेब मलिक को केबल तार काटते हुए देख लिया। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद आरोपी के पास से केबल काटने में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए।
पूछताछ में कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
पुलिस साहेब मलिक को थाना लेकर आई और कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह चोरी केबल को कबाड़ी को ऊंचे दामों में बेच देता था। पूछताछ के बाद शुक्रवार को आरोपी को डालटनगंज स्थित रेलवे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेजने का आदेश दिया।
रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है - GRP थाना के ASI जनक कुमार
बरकाकाना जीआरपी थाना के एएसआई जनक कुमार ने बताया कि रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है। इससे ट्रेनों के संचालन पर सीधा असर पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार छापेमारी की जा रही थी। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कोई रेलवे लाइन, केबल या अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए दिखे तो तुरंत जीआरपी को सूचना दें। रेलवे अधिकारियों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और कहा है कि इससे केबल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट













