पुलिस को देख भागने के दौरान ट्रक से टकरायी स्कॉर्पियो, 2 घायल, एक की हालत गंभीर
पटना-बक्सर फोरलेन एनएच के कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास शनिवार की सुबह करीब सात बजे पुलिस को देखकर भागने के दौरान शराब लेकर आ रही स्कॉर्पियो सामने जा रहे ट्रक से टकरा गई।

आरा : पटना-बक्सर फोरलेन एनएच के कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास शनिवार की सुबह करीब सात बजे पुलिस को देखकर भागने के दौरान शराब लेकर आ रही स्कॉर्पियो सामने जा रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में गुलाबबाग बाढ़ निवासी कन्हैया कुमार (29) की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, जबकि नीतीश कुमार (27) पिता श्रवण यादव भी बुरी तरह घायल हो गया।
दोनों युवक उत्तर प्रदेश की ओर से कार में शराब लेकर आ रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक उत्तर प्रदेश की ओर से कार में शराब लेकर आ रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे। भागने के क्रम में स्कॉर्पियो ने आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो ट्रक के पिछले हिस्से में जाकर फंस गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए कोईलवर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने शराब लदी दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो को जब्त कर लिया है
इधर, घटना के बाद पुलिस ने शराब लदी दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो को जब्त कर लिया है और उसमें रखे शराब की जांच कर रही है। इधर, दूसरी ओर कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जख्मियों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. आजम खान ने बताया कि कन्हैया कुमार की स्थिति चिंताजनक है। वहीं, हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













