बीएलओ पर मनमानी और फर्जी वोटर जोड़ने का आरोप, भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
जिला अंतर्गत नाला बजरंगबली मंदिर परिसर के समीप सोमवार को भाजपा नेताओं ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा उर्फ बाटुल सहित कई नेता मौजूद रहे।

जामताड़ा: जिला अंतर्गत नाला बजरंगबली मंदिर परिसर के समीप सोमवार को भाजपा नेताओं ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा उर्फ बाटुल सहित कई नेता मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता सह पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने नाला विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई बूथों पर बीएलओ द्वारा मनमाने तरीके से काम किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। माधव चंद्र महतो ने आरोप लगाया कि नाला प्रखंड के भेड़ो गांव के बूथ संख्या-273 में बीएलओ ने नो-मैपिंग के नाम पर घोर लापरवाही बरती है। जहां मतदाताओं की मैपिंग माता-पिता के नाम से होनी चाहिए थी, वहां दादा-दादी के नाम से मैपिंग कर लिंक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब सोची-समझी साजिश के तहत भाजपा समर्थित कार्यकर्ताओं को टारगेट कर परेशान करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि नाला पंचायत के मुखिया के द्वारा गोपालपुर के बूथ संख्या-257 और 278 में जबरन ग्राम सभा कराकर ऐसे लोगों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ दिया गया है, जो वहां के स्थानीय निवासी ही नहीं हैं। यह पूरी तरह से अनुचित और नियमों के विरुद्ध है। माधव चंद्र महतो ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गोपालपुर में ऐसे व्यक्ति को भी आय, आवासीय प्रमाण पत्र देकर वोटर लिस्ट में नाम जोड़ दिया गया है जो पिछले 10 वर्षों से नाला में आया हुआ नहीं है। सिर्फ वोट बैंक बनाने के लिए बाहरी लोगों को बसाया जा रहा है, जबकि स्थानीय लोगों को प्रशासन के चक्कर काटने पर मजबूर किया जा रहा है।
वहीं पूर्व मंत्री सत्यानंद झा उर्फ बाटुल ने कहा कि सिर्फ भेड़ो और गोपालपुर ही नहीं, बल्कि नाला एवं कुंडहित प्रखंड के कई गांवों में भी यही स्थिति है। बाहरी लोगों का नाम जोड़ा जा रहा है और स्थानीय रैयतों को परेशान किया जा रहा है। सत्यानंद झां उर्फ बाटुल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द इस मामले में सुधार नहीं किया तो भारतीय जनता पार्टी इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट










