भ्रष्टाचार के आरोप में हेडमास्टर निलंबित, शिक्षा मंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
अवैध परीक्षा शुल्क वसूलने, चेतना सत्र में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ अपमानजनक व्यवहार तथा भ्रष्टाचार के आरोपों में शिक्षा विभाग ने सोमवार को एक प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया।

पटना: अवैध परीक्षा शुल्क वसूलने, चेतना सत्र में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ अपमानजनक व्यवहार तथा भ्रष्टाचार के आरोपों में शिक्षा विभाग ने सोमवार को एक प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था।
निलंबित किए गए हेडमास्टर खुर्शीद हुसैन अंसारी सीवान के महाराजगंज स्थित प्रैक्टिकल उच्च विद्यालय, सिकटिया में कार्यरत थे। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। निलंबन के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू की गई है।
जांच के लिए पीएम पोषण योजना के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को संचालन पदाधिकारी तथा महाराजगंज के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी बनाया गया है। निलंबन अवधि में अंसारी का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, जीरादेई तय किया गया है। उनके खिलाफ आरोपपत्र अलग से गठित किया जाएगा।

![एक सड़क, दो शिलान्यास और श्रेय की सियासत] बिहटा में विधायक भाई वीरेंद्र और नगर परिषद अध्यक्ष आमने-सामने](https://newscdn.dotplus.app/Cloud/swarajPost/news/coverimage/21Sept2026/52522d83-342a-4b43-b17e-48e3e809b997.png?width=120)








