रूपा मौत मामला : न्याय की गुहार, परिजनों ने DIG को सौंपा ज्ञापन
सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अंतर्गत तरियामा पंचायत के वार्ड नंबर-4 निवासी रोमा कुमारी और रविंद्र कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय पहुंचकर डीआईजी कुमार आशीष को ज्ञापन सौंपा।

सहरसा : सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अंतर्गत तरियामा पंचायत के वार्ड नंबर-4 निवासी रोमा कुमारी और रविंद्र कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय पहुंचकर डीआईजी कुमार आशीष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अपनी नाबालिग पुत्री रूपा कुमारी की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उनकी पुत्री के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, बाद में जबरन जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई - परिजन
परिजनों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और बाद में जबरन जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले की लीपापोती किए जाने की आशंका जताई गई है।
रूपा कुमारी 10वीं कक्षा की छात्रा थी
आवेदन के अनुसार, रूपा कुमारी 10वीं कक्षा की छात्रा थी और घर से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित केवाईपी कंप्यूटर संस्थान में कंप्यूटर कोर्स कर रही थी। संस्थान में सोमवार से शनिवार तक सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक कक्षाएं संचालित होती थीं और रविवार को संस्थान बंद रहता था।
संगीता कुमारी द्वारा रूपा को संस्थान आने के लिए लगातार फोन किया गया - परिजन
परिजनों ने बताया कि पांच अक्टूबर 2025 को रविवार होने के बावजूद सुबह करीब आठ बजे से संगीता कुमारी द्वारा रूपा को संस्थान आने के लिए लगातार फोन किया गया। आरोप है कि फोन पर उसे बताया गया कि विष्णु झा और मुकेश यादव सर बुला रहे हैं और नहीं आने पर प्रमाणपत्र नहीं दिया जाएगा।
रविवार को संस्थान बंद होने की बात कहने के बावजूद कथित तौर पर दबाव बनाए जाने के बाद रूपा संस्थान चली गई
परिजनों के मुताबिक, रविवार को संस्थान बंद होने की बात कहने के बावजूद कथित तौर पर दबाव बनाए जाने के बाद रूपा संस्थान चली गई। आवेदन में आगे कहा गया है कि दोपहर करीब दो बजे के बाद रूपा के दादा सहीन्द्र शर्मा के मोबाइल पर विष्णु झा का फोन आया। परिजन जब बख्तियारपुर अस्पताल पहुंचे तो उनके अनुसार विष्णु झा और एक अन्य शिक्षक वहां से चले गए। संगीता कुमारी को परिजन सहरसा लेकर आए।
परिजनों ने संस्थान के संचालक मुकेश, विष्णु, एक अन्य शिक्षक व संगीता की भूमिका की जांच कराने की मांग की है
परिजनों ने संस्थान के संचालक मुकेश यादव, विष्णु झा, एक अन्य शिक्षक और संगीता कुमारी की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की किसी वरीय पुलिस अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। मामला बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 300/25 से संबंधित बताया गया है। परिजनों ने डीआईजी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

![एक सड़क, दो शिलान्यास और श्रेय की सियासत] बिहटा में विधायक भाई वीरेंद्र और नगर परिषद अध्यक्ष आमने-सामने](https://newscdn.dotplus.app/Cloud/swarajPost/news/coverimage/21Sept2026/52522d83-342a-4b43-b17e-48e3e809b997.png?width=120)








