सिटी सेंटर में अतिक्रमण पर BSL की कार्रवाई, दुकानदारों ने किया विरोध
बोकारो के सिटी सेंटर सेक्टर-4 में अतिक्रमण के खिलाफ बीएसएल के सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को कार्रवाई की। टीम ने दुकानों के बाहर गलियारे में किए गए अतिक्रमण को हटाया।

बोकारो के सिटी सेंटर सेक्टर-4 में अतिक्रमण के खिलाफ बीएसएल के सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को कार्रवाई की। टीम ने दुकानों के बाहर गलियारे में किए गए अतिक्रमण को हटाया। कई दुकानदारों ने गलियारे पर कब्जा कर वहां रेस्टोरेंट तक खोल रखा था, जबकि कई जगह दुकान का सामान रखकर बिक्री की जा रही थी।
अतिक्रमण हटाने पहुंची बीएसएल की सुरक्षा टीम को व्यापारियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। दुकानदारों का आरोप था कि पूरे सिटी सेंटर में फुटपाथ पर कब्जा है और ग्राहकों के लिए पार्किंग की जगह तक नहीं बची है। ऐसे में केवल सिटी सेंटर के व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।
दरअसल, पिछले दिनों बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने सिटी सेंटर का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों द्वारा प्लॉट के गलियारे पर किए गए कब्जे को देखा था। उन्होंने बीएसएल को अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस देकर कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। साथ ही कब्जा नहीं हटाने पर दुकानों को सील करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










