चटनियां पुल के सामने जंगल में मिला अज्ञात महिला का शव, सिर और धड़ अलग-अलग जगह बरामद
धनबाद : जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी बस्ती मड़ई थान के आगे चटनियां पुल के सामने शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का सिर और शरीर अलग-अलग जगहों पर मिला है।

धनबाद : जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी बस्ती मड़ई थान के आगे चटनियां पुल के सामने शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का सिर और शरीर अलग-अलग जगहों पर मिला है। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बताया जाता है कि गांव निवासी किशोर कुमार महतो शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर पहले महिला के पैर पर पड़ी। शक होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो महिला का शव पड़ा था और सिर शरीर से अलग था। घटना की सूचना आशीष महतो ने बलियापुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मौके से अगरबत्ती समेत कुछ पूजा सामग्री मिलने की भी बात सामने आई है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने महिला की नरबलि देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नरबलि की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि रांची से एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। दोनों टीमों की जांच के बाद घटना से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस महिला की पहचान कराने के साथ उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट










