प्रो. अंजार खुरू ने कहा- मधुमेह से बचने के लिए जीवनशैली में बदलाव सबसे ज्यादा जरूरी
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में आयुष विभाग ने विश्व मधुमेह दिवस मनाया। इस अवसर पर मधुमेह की रोकथाम और प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पुलवामा : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में आयुष विभाग ने विश्व मधुमेह दिवस मनाया। इस अवसर पर मधुमेह की रोकथाम और प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने लोगों को बताया कि मधुमेह से बचने के लिए सिर्फ दवा पर निर्भर रहना काफी नहीं है, बल्कि जीवनशैली में बदलाव सबसे ज्यादा जरूरी है। कार्यक्रम के बाद कश्मीर विश्वविद्यालय के प्रो. अंजार खुरू ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हम बीमारी के इलाज से आगे बढ़कर उसकी रोकथाम की ओर जाएं।
हमें बीमारी के प्रबंधन से रोकथाम के प्रबंधन की तरफ बढ़ना चाहिए। इसके लिए आयुष की पद्धतियों को अपनाना होगा - प्रो. अंजार खुरू
उन्होंने कहा कि हमें बीमारी के प्रबंधन से रोकथाम के प्रबंधन की तरफ बढ़ना चाहिए। इसके लिए आयुष की पद्धतियों को अपनाना होगा। आयुष में जीवनशैली में बदलाव, योग अभ्यास और निवारक देखभाल जैसी कई चीजें शामिल हैं, जो मधुमेह को नियंत्रित करने में मदद कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि मधुमेह में आयुष उपचार एलोपैथिक दवाओं का विकल्प नहीं है। बल्कि आयुष पद्धतियां दवाओं के साथ-साथ जीवनशैली को सुधारने में मदद करती हैं, जिससे बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।
मधुमेह के लक्षणों के बारे में बताते हुए प्रो. खुरू ने कहा- इस बीमारी में वजन बढ़ना और कमजोरी जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं
मधुमेह के लक्षणों के बारे में बताते हुए प्रो. खुरू ने कहा कि इस बीमारी में वजन बढ़ना और कमजोरी जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं। अगर इन लक्षणों को समय पर पहचान लिया जाए तो बीमारी को बढ़ने से रोका जा सकता है। सबसे पहले हमें वजन प्रबंधन पर ध्यान देना चाहिए। इसके साथ ही तनाव प्रबंधन भी बहुत जरूरी है। ये दोनों चीजें मधुमेह को नियंत्रित करने में सबसे अहम भूमिका निभाती हैं। वजन और तनाव को नियंत्रित करके काफी हद तक इस बीमारी से बचा जा सकता है।
लोगों को संदेश देते हुए प्रो. खुरू ने कहा- हमें अपनी जीवनशैली में बदलाव करना होगा
लोगों को संदेश देते हुए प्रो. खुरू ने कहा कि हमें अपनी जीवनशैली में बदलाव करना होगा। शारीरिक गतिविधियों को बढ़ाना होगा, नियमित रूप से व्यायाम करना होगा और सक्रिय जीवन जीना होगा। हम जो भोजन खाते हैं, उसमें पोषक तत्वों का ध्यान रखना चाहिए। पोषण की अच्छी आदतों को अपनाना होगा। संतुलित और पौष्टिक भोजन मधुमेह से बचाव में बहुत मदद करते हैं। प्रो. खुरू ने कहा कि डॉक्टर जगह-जगह लोगों को इस बारे में जागरूक कर रहे हैं कि मधुमेह से कैसे बचा जाए। जागरूकता ही इस बीमारी से लड़ने का सबसे बड़ा हथियार है। अगर लोग समय पर जांच कराएं, सही खान-पान अपनाएं और नियमित व्यायाम करें तो वे इस बीमारी से दूर रह सकते हैं।
सोर्स-आईएएनएस













