नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए 24 से 27 अगस्त तक FBNC प्रशिक्षण कार्यक्रम
बिहार में नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बिहार में नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नवजात शिशु देखभाल सेवाओं को और सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से Facility Based Newborn Care (FBNC) के तहत चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम बैच 24 से 27 अगस्त 2026 तक पटना चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, पटना के शिशु रोग विभाग में आयोजित किया जाएगा। इसमें SNCU (Special Newborn Care Unit), NICU (Neonatal Intensive Care Unit) एवं MNCU (Mother-Newborn Care Unit) में कार्यरत शिशु रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्टाफ नर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से नवजात शिशुओं की देखभाल, गंभीर नवजातों के उपचार तथा संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत मानव संसाधन की तकनीकी दक्षता एवं कार्यकुशलता को मजबूत किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान नवजात शिशुओं में उत्पन्न होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान, आवश्यक उपचार एवं उचित प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही, नवजात देखभाल इकाइयों में संक्रमण की रोकथाम, सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार तथा टीम आधारित देखभाल की कार्यप्रणाली को भी मजबूत किया जाएगा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य नवजात शिशुओं को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना तथा गंभीर स्थिति वाले नवजातों की देखभाल के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक तकनीकी कौशल से लैस करना है। इससे नवजात शिशु देखभाल इकाइयों में उपलब्ध सेवाओं का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जन्म के बाद शुरुआती समय नवजात के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए आवश्यक है कि SNCU, NICU और MNCU जैसी इकाइयों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी आधुनिक एवं मानक प्रोटोकॉल के अनुरूप सेवाएं प्रदान करने में पूरी तरह दक्ष हों। FBNC प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता को और मजबूत किया जाएगा, ताकि राज्य में प्रत्येक बीमार नवजात को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उपचार मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नवजात एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध मानव संसाधन के निरंतर क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों को नवीनतम तकनीकी जानकारी एवं व्यवहारिक कौशल प्रदान किया जाएगा, जिससे नवजात शिशु देखभाल की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालय अस्पतालों एवं जिलों से नामित स्वास्थ्यकर्मी भाग लेंगे। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नवजात शिशुओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने संस्थानों में नवजात शिशु देखभाल की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।











