सम्राट कैबिनेट ने 11 सरकारी डॉक्टरों को किया बर्खास्त, IGIMS में 68 नए पदों को मंजूरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में लंबे समय से बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे 11 सरकारी डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है।

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार, 25 नवंबर को हुई बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। लंबे समय से बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे 11 सरकारी डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 68 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है।
इन 11 डॉक्टरों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का फैसला
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, संबंधित डॉक्टरों के विरुद्ध विभागीय जांच में अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के आरोप प्रमाणित पाए गए।
- डॉ. अनामिका कुमारी —सदर अस्पताल, सहरसा।
- डॉ. राकेश कुमार निराला —सदर अस्पताल, भागलपुर।
- डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित —सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा, सुपौल।
- डॉ. गोपीनाथ भगत —सदर अस्पताल, भागलपुर।
- डॉ. अमित कुमार —अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ममलखा, सबौर, भागलपुर।
- डॉ. रवि रंजन —प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मरौना, सुपौल।
- डॉ. मोहम्मद शाहनवाज कौसर —सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा, सुपौल।
- डॉ. सुमित कुमार —अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सजौर, शाहकुंड, भागलपुर।
- डॉ. प्रसून विवाकर —अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोलहट्टी, बौंसी, बांका।
- डॉ. रेखा कुमारी —सदर अस्पताल, मधेपुरा।
- डॉ. अरुण कुमार —सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौहट्टा, सहरसा।
जवाब नहीं मिलने के बाद हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संबंधित डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। जवाब नहीं मिलने पर 9 दिसंबर 2025 को दैनिक समाचार पत्र में विज्ञप्ति प्रकाशित कर भी उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। इसके बाद बिहार लोक सेवा आयोग की सहमति एवं विभागीय कार्रवाई के आधार पर मंत्रिपरिषद ने सभी 11 डॉक्टरों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया।
IGIMS में क्रिटिकल केयर के लिए 64 नए पद
पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के लिए कुल 64 शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कैंसर मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा
IGIMS परिसर स्थित स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में चार नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है। इनमें दो सीनियर टेक्निकल ऑफिसर (रेडियोथेरेपी) और दो चीफ टेक्निकल ऑफिसर (रेडियोथेरेपी) के पद शामिल हैं। ये पद एम्स, नई दिल्ली के अनुरूप होंगे।
रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर की नियुक्ति का रास्ता साफ
मंत्रिपरिषद ने बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा (भर्ती एवं सेवा शर्तें) संवर्ग नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी है। इसके तहत सरकारी चिकित्सा संस्थानों में योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जा सकेगी। इससे एक्स-रे, सीटी स्कैन, कैथ लैब और अन्य रेडिएशन आधारित जांच एवं उपचार के दौरान मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
तकनीकी पदों पर नियुक्ति और प्रोन्नति के लिए नई नियमावली
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत बिहार प्रोस्थेटिक एवं ऑर्थोटिक्स गैर-शैक्षणिक संवर्ग नियमावली, 2026 के गठन को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके माध्यम से संबंधित तकनीकी पदों पर नियुक्ति, प्रोन्नति और सेवा शर्तों का निर्धारण किया जाएगा।














