मतदाता सूची और SIR पर संग्राम : सदन में जांच की मांग, बाहर चुनाव आयोग पर सियासी वार
सदन के भीतर से लेकर बाहर तक मतदाता सूची में गड़बड़ी, दस्तावेजों की जांच और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विधानसभा के भीतर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रक्रिया और कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए।

रांची : सदन के भीतर से लेकर बाहर तक मतदाता सूची में गड़बड़ी, दस्तावेजों की जांच और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ सदन में फर्जी दस्तावेजों और बिना नागरिकता प्रमाण वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़ने पर सवाल उठाते हुए जांच और सुधार की जरूरत बताई गई। दूसरी तरफ मीडिया से बातचीत में विपक्षी खेमे ने चुनाव आयोग और सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रक्रिया के दुरुपयोग का दावा किया।
विधानसभा के भीतर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रक्रिया और कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए
विधानसभा के भीतर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रक्रिया और कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब किसी विषय को गंभीर माना जाता है तो उसी गंभीरता से काम भी दिखना चाहिए। गढ़वा से जुड़े एक कथित मामले और अखबारों में छपी खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बिना नागरिकता के सबूत के राशन, आधार और मतदाता पहचान पत्र बनने जैसी बातें सामने आती हैं, वहीं फर्जी कागजात के जरिए नाम जुड़वाने पर एफआईआर दर्ज होने की घटनाएं भी हैं। ऐसे में चुनाव आयोग और निर्वाचन अधिकारियों की जांच को स्वाभाविक बताते हुए उन्होंने कहा कि सुधार की प्रक्रिया का विरोध उचित नहीं है।
कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा- नई SOP लाने की बात इसलिए है ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम न छूटे
वहीं सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि नई एसओपी लाने की बात इसलिए है ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम न छूटे। बंगाल में ट्रिब्यूनल और सुप्रीम कोर्ट से जुड़े आवेदनों व नतीजों के आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि यदि पूरे आंकड़े सामने आते हैं तो चुनावी गणित पर बड़ा असर पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए सियासी फायदा साधने की कोशिश हो रही है और झारखंड में गठबंधन के दबाव तथा मिले विस्तार के चलते बड़े पैमाने पर नाम कटने से रुके। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं पर जनहित के बजाय चुनाव आयोग के बचाव में खड़े होने का आरोप लगाया।
SIR और दस्तावेजों की जांच को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं
बहरहाल, साफ है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण और दस्तावेजों की जांच को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। एक तरफ जहां इसे फर्जीवाड़ा रोकने और सूची को पारदर्शी बनाने की जरूरी कवायद बताया जा रहा है, वहीं विपक्ष इसे पात्र मतदाताओं के नाम काटने की सियासी साजिश करार दे रहा है। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग की इस पूरी प्रक्रिया और उठते सवालों के बीच सियासी पारा आगे क्या मोड़ लेता है।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट














