सेवा संकल्प अभियान: शिक्षा विभाग को मिली बडी जिम्मेदारी, विद्यार्थी करेंगे यह काम
गुरुवार 17 सितम्बर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा विभाग को थीम आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है।

पटना: गुरुवार 17 सितम्बर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा विभाग को थीम आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। इसके तहत राज्य के सभी 95,195 सरकारी और निजी विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंगलवार को विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग के विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि विभाग ने ‘मेरे सपनों का भारत : सेवा चित्र’ अभियान की तैयारी की है। इसके तहत 26 सितम्बर को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, 3 अक्टूबर को कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी दिन जिला स्तर पर चयनित चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अभियान का राज्यस्तरीय कार्यक्रम 10 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में आयोजित किया जाएगा।
विशेष सचिव ने बताया कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक विद्यार्थियों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (डीपीओ) को पत्र जारी किया गया है। जिलों को कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही सभी जिलों में चौक-चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता से संबंधित होर्डिंग-बैनर लगाने को कहा गया है।
विभाग का उद्देश्य है कि अभियान के जरिये विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके सपनों एवं संकल्पों को मंच प्रदान किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाए। बैठक में प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक, माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह के अलावा विभाग के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।










