गिरफ्तारी के दो दिन बाद मंडल कारा सासाराम में एक कैदी की मौत, मचा बवाल
रोहतास जिले के मंडल कारा सासाराम में बंद एक कैदी की मंगलवार को मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है और परिजनों ने जेल अधिकारियों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।

सासाराम। रोहतास जिले के मंडल कारा सासाराम में बंद एक कैदी की मंगलवार को मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है और परिजनों ने जेल अधिकारियों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक की पहचान तिलौथू थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव निवासी 25 वर्षीय अमरजीत यादव के रूप में हुई है, जो अन्य प्रदेश में मजदूरी का काम करते थे।
शराब से जुड़े मामले में गिरफ्तारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरजीत यादव को बीते शनिवार को शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि पुलिस ने उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर न्यायिक हिरासत में मंडल कारा सासाराम भेज दिया, लेकिन इसी बीच मंगलवार को कैदी की अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और जेल प्रशासन ने उसे सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती करा दिया।
इलाज के दौरान मौत
प्राप्त के अनुसार मंगलवार की सुबह कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद सुबह करीब आठ बजे प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां दोपहर करीब दो बजे इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चूंकि इस मामले में अस्पताल प्रशासन एवं कारा प्रशासन की ओर से अब तक कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
परिजनों का जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप
मामले में मृतक के पिता सुरेंद्र यादव ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके बेटे को जानबूझकर मारा गया और उसकी तबीयत खराब होने की सूचना तक परिजनों को समय पर नहीं दी गई। पिता ने बताया कि अमरजीत हीं पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पीछे परिवार में तीन छोटे बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) अनाथ हो गए हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए न्याय की मांग की है और अधिकारियों की चुप्पी से परिजनों में भारी आक्रोश है।
पोस्टमार्टम में जुटी पुलिस
इधर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा है और प्रशासनिक स्तर पर मेडिकल बोर्ड व वीडियोग्राफी के जरिए पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट










