सांध्यकालीन कक्षाओं में होमवर्क के साथ पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र भी हल कराएं : अपर मुख्य सचिव
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने निर्देश दिया है कि सरकारी विद्यालयों में शुरू हुईं सांध्यकालीन कक्षाओं में केवल होमवर्क ही नहीं कराया जाए, बल्कि विद्यार्थियों से पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र भी हल कराए जाएं।

पटना: शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने निर्देश दिया है कि सरकारी विद्यालयों में शुरू हुईं सांध्यकालीन कक्षाओं में केवल होमवर्क ही नहीं कराया जाए, बल्कि विद्यार्थियों से पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र भी हल कराए जाएं। सेंटअप परीक्षा की तैयारी पर विशेष जोर दिया जाए। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर अतिरिक्त ध्यान दें। पुस्तकालयों को भी अधिक समय तक खुला रखें ताकि विद्यार्थी वहां पढ़ाई कर सकें। छठ पूजा के बाद मंगलवार को कार्यालय खुलते ही अपर मुख्य सचिव ने आभासी बैठक की। इसमें सभी आरडीडीई और डीईओ शामिल हुए। उन्होंने सांध्यकालीन कक्षाओं के बेहतर संचालन और विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार को लेकर कई निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि हमारा मुकाबला कोटा और दिल्ली जैसे कोचिंग संस्थानों से है। सांध्यकालीन कक्षाओं का संचालन बेहतर हुआ तो बिहार में ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल मिलेगा। इससे धन और मेधा का पलायन रुकेगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर के डीईओ पर विशेष जिम्मेदारी है। इन चार जिलों के नतीजे बेहतर आए तो ये अन्य जिलों के लिए भी उदाहरण बनेंगे। सभी अधिकारी कक्षाओं की नियमित निगरानी करें और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू करने का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है बल्कि बहुआयामी है। विभाग की किसी भी योजना के कई उद्देश्य होते हैं। उनका लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए। हर हाल में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।














