बिहार में हो गया गजब, बार-बार डेट बढ़ाने के बाद एक भी नहीं मिला आवेदन, BPSC ने भर्ती प्रक्रिया लौटाई
बिहार से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। भर्ती भी निकली, नोटिफिकेशन भी जारी हुआ रिक्त पदों की संख्या भी सामने आई। लेकिन ये क्या किसी ने आवेदन ही नहीं किया और आखिर में भर्ती प्रक्रिया विभाग को वापस लौटा दी गई।

बिहार ही नहीं देश भर में नौकरी के लिए मारामारी है। खासकर सरकारी नौकरी के लिए भारी भीड़ उमड़ती है। लेकिन ये क्या बिहार से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। भर्ती भी निकली, नोटिफिकेशन भी जारी हुआ रिक्त पदों की संख्या भी सामने आई। लेकिन ये क्या किसी ने आवेदन ही नहीं किया और आखिर में भर्ती प्रक्रिया विभाग को वापस लौटा दी गई। यह पूरा मामला बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से जुड़ा है।
दरअसल बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभिन्न विभागों/विषयों के विभागाध्यक्ष के 218 रिक्त पदों पर नियुक्ति से संबंधित विज्ञापनों की भर्ती प्रक्रिया विभाग को वापस कर दी है।
आयोग की ओर से जारी आवश्यक सूचना के अनुसार इन पदों के लिए 26 अगस्त 2025 को विज्ञापन संख्या 91/2025 से 107/2025 के तहत विज्ञापन प्रकाशित किए गए थे। इनमें से विज्ञापन संख्या 96/2025, 97/2025, 98/2025, 99/2025, 101/2025, 102/2025, 103/2025, 104/2025 और 107/2025 में एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
इसके बाद आयोग ने संबंधित विज्ञापनों के लिए दोबारा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए। पुनः आवेदन का अवसर दिए जाने के बावजूद इन पदों के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
लगातार आवेदन नहीं मिलने के कारण बिहार लोक सेवा आयोग ने संबंधित अधियाचनाओं को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार को वापस कर दिया है। आयोग की ओर से परीक्षा नियंत्रक द्वारा इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की गई है।










